कोरोना महामारी के दौर में ऐसे फरिश्ते भी मौजूद हैं, जो जान की परवाह किए बगैर लोगों की हर तरीके से मदद करते हैं। नरेला थाने में तैनात दिल्ली पुलिस के हवलदार शंकर ने 39 बार रक्तदान कर इंसानियत की मिसाल कायम की है। खुद कोरोना पॉजिटिव होने के बाद वे ठीक हुए तो तीन बार प्लाज्मा भी दान कर चुके हैं।
उनकी इस मुहिम में दो अन्य जवान रविंदर धारीवाल और अमित फोगाट भी साथ देते हैं। तीनों मिलकर व्हाट्स एप पर दिल्ली पुलिस ब्लड डोनेशन ग्रुप चलाते हैं। इस ग्रुप की मदद से कई लोगों की जान बची है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शंकर काफी समय से जरूरतमंद लोगों के लिए लगातार रक्तदान करते आ रहे हैं। इसी साल जनवरी में वे कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। इसके बाद से वह लगातार तीन बार प्लाज्मा डोनेट कर चुके हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शंकर और उनके बाकी साथियों के सामाजिक कार्यों की चर्चा हर ओर है। शंकर, रविंदर और अमित व्हाट्स एप के साथ ट्विटर पर भी अपनी मुहिम चला रहे हैं। दिल्ली पुलिस के अलावा दूसरे जवान भी इनकी मुहिम से जुड़ रहे हैं।