दिल्ली में ओमिक्रॉन की दस्तक के बाद कोरोना संक्रमण के नए मामलों में बढ़ोतरी हुई है। बीते दो दिन में 91 लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें से 40 मरीज बीते सोमवार को मिले हैं। जबकि मंगलवार को 51 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए।
स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को इसकी जानकारी नहीं दी थी लेकिन मंगलवार को जारी बुलेटिन में विभाग ने बताया कि सोमवार को ही एक मरीज की संक्रमण के चलते मौत भी दर्ज की गई है।
बहरहाल राजधानी में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 1441449 तक पहुंच चुकी है जिनमें से 1415974 मरीज ठीक हो गए लेकिन 25099 मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है। इसके चलते राजधानी में कोरोना से मृत्युदर 1.74 फीसदी है। इनके अलावा सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 376 हो चुकी है जिनमें से विभिन्न अस्पतालों में 173 और होम आइसोलेशन में 152 मरीज भर्ती हैं।
विभाग ने बताया कि पिछले एक दिन में 19 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया है। इसके चलते एक दिन में 32 सक्रिय मामले बढ़े हैं। इस दौरान 50023 सैंपल की जांच हुई थी जिनमें 0.10 फीसदी मरीज संक्रमित पाए गए। अब तक राजधानी में 3.13 करोड़ से भी ज्यादा कोरोना की जांच हो चुकी हैं। विभाग ने यह भी बताया कि राजधानी में कंटेनमेंट जोन की संख्या अब 93 रह गई है।