नई दिल्ली। आपातकालीन पाबंदियां लागू होने के बाद भी दिल्ली-एनसीआर की हवा बेहद खराब स्तर पर बनी हुई है। मौसमी दशाएं स्थिर रहने से दिल्ली समेत एनसीआर के सभी शहरों का वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 से ऊपर रहा। देशभर में राजस्थान के कोटा के साथ सोमवार को सबसे ज्यादा खराब हवा दिल्ली की रही। दोनों शहरों का सूचकांक 353 रहा। हैरानी की बात यह है कि करीब 55,000 वर्ग किमी में फैले एनसीआर के 22 शहरों की हवा इसी श्रेणी में रिकॉर्ड की गई, जबकि देशभर में 27 शहर इस स्तर तक प्रदूषित रहे। सफर का पूर्वानुमान है कि हवा की चाल बदलने से अगले दो दिन में प्रदूषण का स्तर बढ़ सकता है।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक, सतह पर चलने वाली हवा की दिशा उत्तरी रही। सुबह यह तकरीबन शांत और दिन में करीब चार किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। दिनभर आसमान साफ था। वहीं, मिक्सिंग हाइट करीब 1750 मीटर थी। करीब 10 वर्ग किमी/सेकेंड के साथ वेंटिलेशन इंडेक्स में तो सुधार आया, लेकिन हवा की गति कम होने से ज्यादा राहत नहीं मिल सकी। मानकों के हिसाब से 6 वर्ग किमी/ सेकेंड के इंडेक्स पर जब हवा की गति 10 किमी प्रति घंटा या उससे अधिक होती है तो प्रदूषण घना नहीं हो पाता। इस दौरान हवा प्रदूषकों को दूर तक ले जाती है। दूसरी तरफ पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने के 3125 मामले आए। इससे दिल्ली के प्रदूषण में पीएम2.5 का हिस्सा 10 फीसदी रहा।
उधर, सफर का पूर्वानुमान है कि आसमान साफ रहने के साथ अगले दो दिन में सतह पर चलने वाली हवा की चाल बढ़ सकती है। मंगलवार को इसके 4-8 व बुधवार को 6-8 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान है। मंगलवार को इसकी दिशा उत्तरी व बुधवार को पश्चिमी हो जाएगी। मिक्सिंग हाइट कम होने के साथ इस बीच वेंटिलेशन इंडेक्स भी संकरा होगा। इससे प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी हो सकती है। हवा की गुणवत्ता बेहद खराब से गंभीर स्तर की सीमा रेखा पर रहेगी।
27 शहरों की हवा बेहद खराब स्तर की, 22 एनसीआर के
मौसमी दशाओं में बदलाव होने से प्रदूषण के स्तर में कमी आई है। सोमवार को देश के किसी शहर की गुणवत्ता 400 या उससे ज्यादा नहीं रही। करीब 27 शहरों की हवा बेहद खराब स्तर की रिकॉर्ड की गई। हैरानी की बात यह कि इसमें से सिर्फ पांच शहर ही एनसीआर के बाहर के थे। बाकी 22 शहर एनसीआर के थे। उत्तर प्रदेश के मेरठ से लेकर हरियाणा के जींद तक की गुणवत्ता इसी श्रेणी में दर्ज की गई। वहीं, देश का सबसे प्रदूषित शहर दिल्ली रहा। राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक 353 रिकॉर्ड किया गया।
विपरीत सीमा पर स्थित एनसीआर के दो शहर
मेरठ 310
जींद 350
दिल्ली के पांच हॉटस्पॉट
जहांगीरपुरी
बवाना
अलीपुर
नरेला
रोहिणी