मेट्रो-बसों में सौ फीसदी सीटों पर सफर की इजाजत मिलने के बाद भी बस स्टॉप और मेट्रो स्टेशनों के बाहर सोमवार को यात्रियों की भीड़ रही। सुबह के वक्त कुछ स्टेशनों पर मेट्रो सेवाएं करीब सात बजे 15-20 मिनट तक प्रभावित रही।
वहीं, 50 फीसदी क्षमता के सात जून से मेट्रो सेवा की शुरूआत हुई थी। इसके बाद से अब तक रविवार तक करीब 16 लाख यात्रियों ने मेट्रो में सफर किया। सोमवार को सभी सीटों पर बैठने की इजाजत के साथ मेट्रो सेवाएं शुरू होने के बाद रात आठ बजे तक करीब 17.5 लाख यात्रियों ने मेट्रो में यात्रा की।
खड़े होकर सफर करने की इजाजत न होने के बावजूद दिशा निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने पर 159 यात्रियों पर जुर्माना किया गया, जबकि इस दौरान 432 यात्रियों को मेट्रो से उतारा गया।
दिशा निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन(डीएमआरसी) की टीम की तरफ से कार्रवाई के तहत औसतन रोजाना 285 यात्रियों पर कार्रवाई की जा रही है। सोमवार को डीएमआरसी की नौ टीमें यात्रियों पर निगरानी रख रही थी। इस दौरान 470 यात्रियों को समझाया गया कि महामारी काल के दौरान नियमों का पालन कितना जरूरी है।