दक्षिण जिला डीसीपी बेनीटा मेरी जैकर ने बताया कि राहुल (29) नामक युवक जी-12/221 में चिकन शॉप चलाता है। शाम करीब साढ़े सात बजे उसका मामा हकीम व छोटा भाई दुकान के अंदर थे। राहुल हर रोज करीब चार बजे दुकान पर हाथ बंटाने आता था। तभी मो. रशीद उर्फ गुड्डा अपने आठ नौ साथियों के साथ वहां आया था। इनके हाथों में डंडा, चाकू व कट्टा थे। उनको देखकर राहुल ने अपने मामा को आगाह किया और दुकान से भाग गया था। हकीम भाग नहीं पाया और आरोपियों ने उसे पकड़ लिया।
पहले मारपीट की फिर कनपटी पर गोली मार दी
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पहले हकीम के साथ मारपीट की और फिर कनपटी से सटा कर उसे गोली मार दी। हकीम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हकीम के शव का पोस्टमार्टम कराकर सोमवार को परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पांच आरोपियों की पहचान कर ली है। एक आरोपी विजय को गिरफ्तार कर लिया गया है। डीसीपी ने बताया कि राहुल व उसके परिजनों ने 28 फरवरी, 2022 को मो. राशिद की पिटाई कर दी थी। इस बाबत संगम विहार थाने में मामला दर्ज है। मो. राशिद की पिटाई का बदला लेने के लिए हकीम का हत्या की गई है।