उपराज्यपाल अनिल बैजल ने निर्देश दिया है कि कंटेनमेंट जोन के प्रभावी प्रबंधन किया जाए। इसके लिए जोन का सही तरीके से सीमांकन हो और सख्ती से इलाके में नियंत्रण रखा जाए। इन इलाकों में लोगों को जागरूक करने के लिए सघन अभियान चलाया जाए।
उपराज्यपाल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन समेत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। एलजी ने कोरोना संक्रमण के लिहाज से हाई रिस्क आबादी वाले क्षेत्रों में ध्यान देने की जरूरत बताई। साथ ही सभी जिलाधिकारियों व पुलिस उपायुक्तों को निर्देश दिया कि वह कंटेनमेंट जोन का प्रभावी प्रबंधन करें।
केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के हिसाब से जोन का उचित परिसीमन हो और उसमें सख्ती से निगरानी रखी जाए। सलाह दी कि कोविड-19 का फैलाव रोकने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित कराएं। मास्क व स्वच्छता भी प्रभावी होनी चाहिए। इस मौके पर मंडलायुक्त ने दिल्ली में कोविड-19 की मौजूदा स्थिति की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दिल्ली में अभी 242 एक्टिव कंटेनमेंट जोन हैं। उपराज्यपाल ने निर्देश दिया कि आरडब्ल्यूए, मार्केट एसोसिएशन व स्वयंसेवकों के सहयोग से कंटेनमेंट जोन का प्रबंधन और नियंत्रण रखा जाए।
होम आइसोलेशन का रहे खास ख्याल
एलजी को बताया गया कि कुल एक्टिव मामलों में से 77.8 फीसदी लोगों का होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है। इस पर उपराज्यपाल ने कहा कि उन्हें उचित चिकित्सा मिलनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल कोविड केयर सेंटर अथवा अस्पताल में शिफ्ट किया जाए। अधिकारियों को हिदायत दी कि वह वरिष्ठ नागरिकों और बीमार व्यक्तियों की विशेष रूप से निगरानी रखें।