जानकारी के अनुसार विदित अपने परिवार के साथ पपरावट रोड, नजफगढ़ इलाके में रहता था। इसके परिवार में पिता मोहित कुमार, मां अंजलि, एक छोटा भाई दक्ष (3), दादा प्रेम प्रकाश और दादी राजेश देवी है। मोहित एफसीआई पंजाब में नौकरी करते हैं। प्रेम प्रकाश डीटीसी में कार्यरत हैं। विदित पहली कक्षा का छात्र था। बुधवार को विदित और दक्ष अपने दादा के साथ स्कूटी पर सवार होकर पास के पार्क में खेलने के लिए गए थे।
खाटू श्याम मंदिर के पास की है घटना
करीब छह बजे तीनों वापस लौट रहे थे। दक्ष दादा के पैरों में खड़ा था जबकि विदित दादा के पीछे सीट पर बैठा था। इस बीच खाटू श्याम मंदिर के पास इनकी स्कूटी किसी बाइक से टच हो गई। बाइक पर दो युवक सवार थे। मोहित के भाई सचिन ने बताया कि स्कूटी टच होते ही दोनों प्रेम प्रकाश से झगड़ा करने लगे। कहासुनी के दौरान दोनों ने अचानक लोहे की रॉड से दोनों पर हमला किया और फरार हो गए। राहगीर विदित और प्रेम प्रकाश को नजदीकी त्रिवेणी अस्पताल ले गए, जहां विदित को मृत घोषित कर दिया गया जबकि दादा को इलाज के बाद गुरुवार को छुट्टी दी गई।
पुलिस कर रही जांच
दूसरी ओर द्वारका जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि यह महज एक सड़क हादसा था। बाइक और स्कूटी की टक्कर हुई है, जिसमें बच्चा और उसका दादा जख्मी हुए थे। फिलहाल सड़क हादसे में मौत का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। गुरुवार को विदित के शव का पोस्टमार्टम भी करा दिया गया है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।