राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भीषण गर्मी के बीच जल संकट में घिर गई है। यमुना में बहाव कम होने से वजीराबाद तालाब में जल स्तर खतरनाक रूप से कम हो रहा है। दिल्ली सरकार ने सप्ताहभर में दूसरी बार हरियाणा सिंचाई विभाग को पत्र लिखकर नदी में अतिरिक्त जल छोड़ने का आग्रह किया है जिससे राजधानी में जलापूर्ति निर्बाध रूप से हो सके।
एक अधिकारी ने बताया कि वजीराबाद बैराज में जलस्तर बुधवार सुबह 672.30 फीट के नाजुक स्तर पर कम हो गया है। सामान्य जलस्तर 674.5 फीट होता है। अधिकारी ने बताया, ''कैरियर लाइन कैनाल में भी पानी का प्रवाह 683 क्यूसेक से कम होकर 566 क्यूसेक रह गया है। जल उत्पादन भी प्रभावित हुआ है।''
हरियाणा दिल्ली को दो कैनाल- कैरियर लाइन्ड चैनल (सीएलसी) और दिल्ली सब-ब्रांच (डीएसबी) और यमुना के माध्यम से प्रतिदिन 61 करोड़ गैलन पानी की आपूर्ति करता है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि वजीराबाद तालाब में कम स्तर और सीएलसी में कम प्रवार के कारण चंद्रावल, वजीराबाद, हैदरपुर, नांगलोई और द्वारा समेत विभिन्न जल शोधन संयंत्रों (डब्ल्यूटीपी) की संचालन क्षमता कम हुई है।