केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेएवाई) के तहत मुफ्त राशन वितरण भले ही 30 नवंबर के बाद आगे न बढ़े, लेकिन केजरीवाल सरकार ने दिल्लीवासियों को बड़ा तोहफा दिया है। दिल्ली सरकार ने अपनी फ्री राशन योजना अगले छह महीने के लिए बढ़ाने की घोषणा की है।
सीएम केजरीवाल ने पीएम मोदी से मुफ्त राशन योजना को बढ़ाने का किया अनुरोध
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि महंगाई बहुत ज्यादा हो गई है। आम आदमी को दो वक्त की रोटी भी मुश्किल हो रही है। कोरोना की वजह से कई लोग बेरोजगार हो गए हैं। सीएम केजरीवाल ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर केंद्र की मुफ्त राशन योजना को छह महीने के लिए बढ़ाने का अनुरोध किया है। दिल्ली सरकार ने आज 6 महीने के लिए अपनी मुफ्त राशन योजना के विस्तार की घोषणा की है।
2020 में केवल तीन महीने के लिए शुरू हुई थी केंद्र सरकार की योजना
पीएमजीकेएवाई की शुरुआत मार्च, 2020 में कोरोना संकट के दौरान लोगों की मदद के लिए की गई थी। तीन महीने के लिए लागू की गई इस योजना को संकट जारी रहने के कारण नवंबर 2020 तक के लिए बढ़ा दिया गया था।
दूसरी लहर के दौरान किया गया था विस्तार
एक बार बंद होने के बाद 2021 में कोरोना की दूसरी लहर में आए संकट के कारण इसे एक बार फिर से लागू किया गया। इस बार इसकी अवधि दो महीने यानी मई-जून के लिए थी। संकट गहराने पर इसे एक बार फिर नवंबर 2021 तक के लिए बढ़ाया गया। आगामी 30 नवंबर को इस योजना की आखिरी तारीख है।
नवंबर से आगे बढ़ाने का प्रस्ताव नहीं: केंद्रीय खाद्य सचिव
शुक्रवार को केंद्रीय खाद्य सचिव सुधांशु पांडेय ने कहा कि अर्थव्यवस्था में सुधार और ओएमएसएस नीति के तहत खुले बाजार में खाद्यान्न की अच्छी बिक्री को देखते हुए पीएमजीकेएवाई के जरिये मुफ्त राशन वितरण को नवंबर से आगे बढ़ाने का प्रस्ताव नहीं है। इसके बाद मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दिल्ली सरकार की इस योजना को बढ़ाने की घोषणा की।