दिल्ली सरकार के मोहल्ला क्लीनिक अब नए कलेवर में नजर आएंगे। यह क्लीनिक अब पहले से ज्यादा आकर्षक और सुविधाओं से लैस होंगे। जरूरत पड़ने पर इन्हें एक से दूसरी जगह स्थानांतरित भी किया जा सकेगा। इस प्रकार का पहला मोहल्ला क्लीनिक स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के विधानसभा जिले शकूरबस्ती में बन रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि बाहर से लाल रंग के यह मोहल्ला क्लीनिक जितने आकर्षक लग रहे हैं, अंदर से भी उतने ही खूबसूरत हैं। इसमें बकायदा वुडन वर्क का काम किया गया है। मरीजों और डॉक्टरों को कोई परेशानी न हो, इसलिए इसमें एसी भी लगाए गए हैं।
फिलहाल दिल्ली के शकूर बस्ती इलाके में नए मोहल्ला क्लीनिक स्थापित किए गए हैं। अगर यह नए क्लीनिक का फार्मूला प्रयोग में सफल हो जाता है तो आने वाले समय में नए क्लीनिक की रूपरेखा बनाकर पूरी दिल्ली में लगाए जा सकते हैं।
जैन ने कहा कि नए मोहल्ला क्लीनिक कंटेनर में बनाए जा रहे हैं, जिनमें चोरी और तोड़फोड़ की घटनाओं को कम किया जा सकेगा। यह क्लीनिक कम जगह में बनाए जा सकेंगे और जरूरत पड़ने पर इन्हें एक जगह से दूसरी जगह पर आसानी से स्थानांतरित भी किया जा सकेगा।
वहीं इससे पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों को संबोधित करते हुए दावा किया था कि दिल्ली सरकार के काम करने की पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है। दिल्ली सरकार ने लोगों से जुड़ी 150 से सुविधाओं को ऑनलाइन कर दिया है। इससे लोगों को अब लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। मोहल्ला क्लीनिक में लोगों को फ्री इलाज मिल रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का मकसद है कि 2047 में जब देश अपना 100वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा होगा, तब तक दिल्लीवासियों की आय सिंगापुर के बराबर हो जाएगी।
'दिल्ली सरकार की हर तरफ तारीफ हो रही'
केजरीवाल ने कहा कि हमारे मोहल्ला क्लीनिक की सफलता देखने के बाद दूसरे राज्य भी यह मॉडल अपना रहे हैं। दिल्ली के डॉक्टरों ने सबसे पहले कोरोना के इलाज में प्लाज्मा थेरेपी का उपयोग किया और बाद में अमेरिका ने भी इस मॉडल को अपनाया। इसी प्रकार होम आइसोलेशन में संक्रमितों का इलाज करने की योजना को पूरी दुनिया में बाद में अपनाया। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली का मुफ्त बिजली-पानी का प्लान अब दूसरे राजनीतिक भी दल अपना रहे हैं। इसी प्रकार जनसेवाओं को ऑनलाइन करने से जनता को आसानी हो रही है और इस काम की हर तरफ तारीफ हो रही है।
हमसे दुनिया सीख ले रही : केजरीवाल
केजरीवाल ने दावा किया कि दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने का दिल्ली का आइडिया अब दूसरे देश के लोग भी अपना रहे हैं। इसी प्रकार देश के बच्चों को उद्यमी बनाना, पहली बार देशभक्ति पाठ्यक्रम पढ़ाना और हर गली-मोहल्ले तक योगा कक्षाएं पहुंचाना दिल्ली सरकार की बड़ी पहल है। इससे लोगों के स्वास्थ्य में सुधार आएगा।