गौरतलब है कि दिल्ली सरकार के लोकनायक अस्पताल में टीकाकरण को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यहां लोगों के टीकाकरण के लिए 3 बूथ बनाए गए हैं। जहां एक दिन में करीब 300 लोगों को टीका लगाया जा सकता है। अस्पताल में एक इमारत की दूसरी मंजिल को पूरी तरह टीकाकरण कार्यक्रम के लिए आरक्षित रखा गया है।
लोकनायक अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 16 जनवरी को अस्पताल में टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। यहां सबसे पहले स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। काफी बड़े स्थान पर टीकाकरण केंद्र बनाया गया है। यहां निरीक्षण कक्ष में एक समय में करीब 100 लोगों के बैठने की क्षमता है। यह दिल्ली सरकार के सभी अस्पतालों में सबसे बड़ा वैक्सीनेशन सेंटर है।
टीकाकरण कार्यक्रम पर नजर बनाए रखने के लिए अस्पताल के सभी स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। जहां से सभी गतिविधियों पर नजर रखी जाती है। उन्होंने बताया कि गुरुवार तक कोरोना के टीके अस्पताल पहुंच जाएंगे।