प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने बृहस्पतिवार को दक्षिणी और पूर्वी नगर नगर के मेयर को पत्र लिखकर अतिक्रमण कर रह रहे रोहिंग्या पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के अंदर रोहिग्या-बांग्लादेशियों की कोई जगह नहीं है।
संवाददाता सम्मेलन में आदेश गुप्ता ने कहा कि जहांगीरपुरी में हुई घटना के बाद दंगाइयों, उनके गैर कानूनी धंधे एवं अतिक्रमण को बचाने के लिए वही गैंग पूरी तरह से सक्रिय हो गया है जिन्होंने 60 सालों तक देश के अंदर जाति-धर्म पर आधारित राजनीति को अपना आश्रय बनाकर शासन किया है।
बांग्लादेशियों-रोहिंग्या पर बुलडोजर चलने पर जो वकील उच्चतम न्यायालय चले गए, ये वही है जिन्होंने राम मंदिर बनने का विरोध करते हुए श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल खड़े किए थे। राम मंदिर बनने का विरोध करने वाला वहीं संगठन है जो दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी को समर्थन करती है।
उन्होंने कहा कि रोहिंग्या-बांग्लादेशियों के सरगना के बारे में पूरे देश को मालूम हो गया है। पहले कांग्रेस ने इन्हें बसाया और आम आदमी पार्टी इन्हें मुफ्त बिजली, पानी एवं राशन उपलब्ध करवाने के साथ-साथ पैसे और अन्य सहायता दे रही है। यही नहीं सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे करवाना, स्कूल, पार्क आदि के लिए आवंटित जमीनों पर भी इन्हें बसाया है।
जनता को उकसा रही आप : बिधूड़ी
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आप नेताओं पर गैरजिम्मेदाराना और बचकाना व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि आप नेता भाजपा मुख्यालय और गृहमंत्री अमित शाह के निवास पर बुलडोजर से हमला करने के लिए आम लोगों को उकसा रहे हैं।
आप नेता अपनी इस हरकत के लिए पूरे देश से माफी मांगें। रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि जहांगीरपुरी में अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए गए अभियान पर जिस तरह आप नेताओं को दर्द हुआ है उससे साफ पता चल जाता है कि वे वोट बैंक की राजनीति के लिए किस कदर गिर सकते हैं।