गुजरात के मुख्यमंत्री पद का शपथ लेते हुए नरेंद्र मोदी।
- फोटो : narendramodi.in
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा समपर्ण के 20 साल पूरा होने पर राष्ट्रीय राजधानी में जगह-जगह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाजपा की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में कहीं दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित किए गए तो कहीं सेवा ही समपर्ण भाव के तहत मुफ्त राशन बांटा गया। इसी तरह बंगाली मार्केट चौक पर पोस्टकार्ड लगाया गया है जिसमें प्रधानमंत्री मोदी के काम की तारीफ करने के साथ उन्हें सच्चा गांधीवादी बताया गया है।
विधायक विजेंद्र गुप्ता ने राशन वितरण शिविर आयोजित किया
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और आज 20 साल पूरे हो गए। 20 सालों में उन्होंने राजनीति की परिभाषा बदल दी है। कार्यक्रम का संचालन संयोजक वीरेन्द्र सचदेवा ने किया। रोहिणी क्षेत्र में भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने नि:शुल्क टीकाकरण व राशन वितरण शिविर का आयोजन किया।
विजय गोयल ने पोस्टकार्ड अभियान चलाया
विधायक गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प व तपस्या के 20 साल पूरे हो गए हैं। रोहिणी निवासियों ने प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड भेजकर शुभकामनाएं व बधाई संदेश भेजे। इसी तरह पूर्व केंद्रीय मंत्री व गांधी स्मृति के उपाध्यक्ष विजय गोयल व पूर्व मेयर जयप्रकाश के नेतृत्व में पोस्टकार्ड भेजने का अभियान चलाया। बंगाली मार्केट चौक पर एक बड़ा 10/8 फुट का पोस्टकार्ड प्रदर्शित किया गया। यहां प्रधानमंत्री मोदी के फोटो के साथ लिखा गया है सेवा समर्पण के 20 वर्ष। इस मौके पर विजय गोयल ने कहा कि एक बार फिर पुराने पोस्टकार्डों की याद ताजा हो आई है। भाजपा कार्यर्ताओं ने सभी बूथों पर पोस्टकार्ड बांटे।