भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार के तहत दिल्ली जल बोर्ड में 26,000 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। इसके खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने कनाट प्लेस में विशाल मानव श्रृंखला बनाई।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता आदेश गुप्ता ने कहा कि पिछले पांच सालों में आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली जल बोर्ड को खोखला कर दिया है और उसमें हर साल घाटा बढ़ता ही जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते पांच सालों में सरकार ने जल बोर्ड को जो रुपये दिए हैं उसमें से 26,000 करोड़ रुपये का कोई हिसाब नहीं है। ये दिल्ली के कर दाताओं के रुपये हैं जिन रुपयों को आम आदमी पार्टी अपने राजनैतिक विस्तार में खर्च करने में लगी है। उन्होंने कहा कि जब तक केजरीवाल 26,000 करोड़ रुपये का हिसाब नहीं देते तब तक भाजपा दिल्ली की जनता के हित में आवाज उठाती रहेगी।
भाजपा की राष्ट्रीय सचिव एवं दिल्ली की सह-प्रभारी अलका गुर्जर ने कहा कि केजरीवाल अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए भाजपा द्वारा लगाए गए पोस्टर और होर्डिंग्स को अपने कार्यकर्ताओं और मंत्रियों द्वारा फड़वा रहे हैं, इससे उनके किए कारनामें पर पर्दा नहीं पड़ने वाला है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय गोयल ने कहा कि दिल्ली में पीने के पानी और सीवरेज की व्यवस्था पहले से ज्यादा बदतर है, लेकिन खर्चा पहले से कई गुणा बढ़ा दिया गया है। आखिर यह पैसा कहां खर्च हो रहा है, इसका जवाब केजरीवाल सरकार को देना होगा।
मानव श्रृंखला के दौरान दिल्ली भाजपा के महामंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिनेश प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष विष्णु मित्तल उपाध्यक्ष विरेन्द्र सजदेवा, अशोक गोयल देवराहा, सुनील यादव, जयवीर राणा, करम सिंह कर्मा सहित प्रदेश, जिला एवं मंडल के सैकड़ों पदाधिकारी मौजूद थे।