यमुना की सफाई के लिए मस्जिदों में जुमे की नमाज में इमामों ने उपराज्यपाल की ओर से उठाए गए कदमों को अमल में लाने की अपील की। एलजी की तरफ से यमुना की सफाई के लिए की गई पहल के बाद मस्जिदों में पहली बार इस तरह की अपील की गई है।
हाल ही में एलजी ने यमुना की सफाई में सक्रिय रूप से शामिल होने के लिए पुजारी और पुरोहितों से दिल्लीवासियों को प्रोत्साहित करने के लिए कहा था। शुक्रवार को जामा मस्जिद सहित कई और मस्जिदों में भी नमाज में सफाई पर खास जोर देते हुए मौजिज लोगों ने यमुना की सफाई के लिए लोगों को कदम आगे बढ़ाने की अपील की।
सफाई की अहमियत को याद दिलाते हुए कहा कि यमुना की सफाई ऐसी होनी चाहिए, ताकि कोई भी इसमें आसानी से डुबकी लगा सके। एलजी की पहल की तारीफ करते हुए मस्जिदों में कूड़े के प्रबंधन और सफाई की अपील करते हुए घरों और आसपास स्वच्छता बनाए रखने में लोगों की भूमिका को अहम बताया गया।
इस दौरान जामा मस्जिद से एलान किया गया कि एक लंबे अर्से के बाद यमुना को साफ करने के लिए हुकूमत ने तेजी से कदम उठाया है। सफाई के लिए केवल सरकार की तरफ से ही नहीं, बल्कि अवाम का सहयोग बेहद जरूरी है। एलजी ने यमुना की सफाई के लिए आगे कदम बढ़ाते हुए एक बड़े हिस्से की सफाई करवाने में अहम भूमिका निभाई। इसे साफ रखने में पूरा सहयोग करें।