दिल्ली मेट्रो से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि येलो लाइन पर समयपुर बदली और विश्वविद्यालय के बीच चलने वाली मेट्रो ट्रेन अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही है। अन्य लाइनों पर सभी मेट्रो अपने समय से चल रही हैं। बताया गया कि ओवरहेड इक्विपमेंट में कुछ तकनीकी खराबी के कारण देरी हो रही है।
इससे पहले शनिवार को वॉयलेट लाइन और गुरुवार को ब्लू लाइन पर तकनीकी खराबी के कारण सेवाएं बाधित हुई थीं। गुरुवार को ब्लू लाइन पर ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन वायर (ओएचई) से पक्षी के टकराने के बाद तार टूटने के कारण करीब तीन घंटे तक ट्रेनों का परिचालन बंद रहा था।
इससे पहले 6 जून को ब्लू लाइन पर ही पक्षी के टकराने से ओएचई तार टूटने से यात्रियों को डेढ़ घंटे तक परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इस दौरान दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के प्रधान कार्यकारी निदेशक (कॉरपोरेट कम्युनिकेशन) अनुज दयाल ने बताया था कि मेट्रो सेवाएं लगातार प्रभावित होने से डीएमआरसी ने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नए सिरे से तैयारी शुरू कर दी है।
मालूम हो कि मेट्रो रेल से दिल्ली एनसीआर में बड़ी संख्या में यात्री ऑफिस, कॉलेज या स्कूल आते-जाते हैं। ऐसे में पीक आवर्स हो या फिर सामान्य समय, मेट्रो के समय सारिणी में देरी हो जाने से उन्हें काफी परेशानी होती है।