फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डीडीए आवासीय योजना : 1353 दिल्लीवासियों को मिला सपनों का घर

विज्ञापन
नई दिल्ली के आईएनए स्थित डीडीए मुख्यालय विकास सदन में फ्लैट आवंटन करते अधिकारी। - फोटो : Ashram
विज्ञापन
नई दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) आवासीय योजना-2021 का बुधवार को 1,353 फ्लैटों के लिए ऑनलाइन ड्रा हुआ। इसके तहत ईडब्ल्यूएस से लेकर एचआइजी श्रेणी में फ्लैट आवंटित किए गए हैं। यह वसंत कुंज, जसोला, मंगलापुरी व द्वारका में स्थित हैं। आवंटियों को अब 90 दिन के भीतर रकम जमा करानी होगी। इसके बाद उन्हें मालिकाना हक मिल जाएगा। डीडीए उपाध्यक्ष अनुराग जैन ने बताया कि मालिकाना हक देने तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। आवंटी को सिर्फ दस्तावेज के प्रमाणीकरण के लिए एक बार डीडीए दफ्तर जाना होगा। इसके बाद उसे उसके फ्लैट पर डीडीए अधिकारी चाबी सौंप देंगे।
विज्ञापन

कोरोना महामारी के बीच बीते साल सितंबर में डीडीए ने आवासीय योजना का ऑनलाइन ड्रा करने की प्रक्रिया शुरू की थी। संक्रमण की आशंका को देखते हुए डीडीए की कोशिश पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन करने की थी। दो जनवरी को डीडीए ने विभिन्न श्रेणियों में 1,353 फ्लैटों की आवासीय योजना लांच की। इसमें उन फ्लैटों को भी शामिल किया गया, जिन्हें पुरानी आवासीय योजनाओं में खरीददार नहीं मिले थे। आवेदन प्रक्रिया 16 फरवरी तक चली थी, जिसमें 30 हजार से अधिक लोगों ने आवेदन किए थे और 22 हजार से अधिक लोगों ने बुकिंग राशि जमा की थी। बुधवार को ड्रा के दौरान प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए सेवानिवृत्त जज संगीता ढींगरा की मौजूदगी में आवंटियों के नाम घोषित किए गए।
डीडीए के उपाध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही डीडीए दूसरी आवासीय योजना लेकर आ रहा है। उम्मीद है कि साल के आखिर तक इसे लांच कर दिया जाएगा। वहीं, सफल आवंटियों को डीडीए की ओर से ऑनलाइन प्रमाण पत्र मिलेगा। इसके बाद कंवेंस डीड जमा करने के साथ अन्य कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आवंटियों को फ्लैट की चाबी सौंप दी जाएगी।
विज्ञापन

द्वारका के लिए करना पड़ सकता है इंतजार
द्वारका के सफल आवंटियों को फ्लैट की चाबी के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। एक अधिकारी के अनुसार, द्वारका के फ्लैटों को तैयार करने में अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस वजह से सफल आवंटियों को इस माह का इंतजार करना पड़ सकता है। उम्मीद है कि अप्रैल में फ्लैट मिल जाएगा।
अलग-अलग श्रेणी में फ्लैट
आवासीय योजना में अलग-अलग श्रेणी में फ्लैटों को शामिल किया गया है। डीडीए के अनुसार, 757 एमआइजी, 252 एचआइजी, 52 एलआइजी व 291 ईडब्ल्यूएस श्रेणी के फ्लैट शामिल हैं। इन फ्लैटों की कीमत आठ लाख से लेकर दो करोड़ रुपये हैं। सबसे सस्ते फ्लैट ईडब्ल्यूएस तो सबसे महंगे एचआइजी श्रेणी के फ्लैट हैं।
असफल आवेदकों को 15 दिनों में वापस होगी बुकिंग राशि
डीडीए के अनुसार, असफल आवेदकों को बुकिंग राशि 15 दिनों में वापस लौटा दी जाएगी। इसके लिए आवेदकों को डीडीए की वेबसाइट पर आवेदन करना होगा। इसके बाद डीडीए ऑनलाइन माध्यम से सीधे बैंक खाते में राशि वापस करेगा। हालांकि, तय समय सीमा के बाद बुकिंग राशि में से नियम के मुताबिक, एक फीसदी हिस्सा तक काटा जा सकता है। आवासीय योजना के तहत एचआइजी व एमआइजी श्रेणी के लिए दो लाख रुपये बुकिंग राशि जमा की गई थी। वहीं, एलआइजी के लिए एक लाख व जनता फ्लैट्स के लिए 25 हजार की राशि सुरक्षा के तौर पर डीडीए ने जमा की थी।
एलआइजी श्रेणी में एक फ्लैट पर थे 40 से अधिक दावेदार
डीडीए आवासीय योजना में सबसे अधिक दावेदार एलआइजी श्रेणी में रहे। इस श्रेणी में 15 हजार से भी अधिक लोगों ने आवेदन किया था। इस प्रकार प्रत्येक फ्लैट पर 40 से भी अधिक लोगों ने किस्मत आजमाई। ईडब्ल्यूएस श्रेणी में करीब 17 व एचआइजी और एमआइजी श्रेणी में करीब 10 आवेदक मैदान में थे।
338 आवेदक प्रतीक्षा सूची में रखे
डीडीए ने 338 आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में भी रखा है। ड्रा में जिन्हें फ्लैटों का आवंटन हुआ है उनके द्वारा रद्द करने की स्थिति में प्रतीक्षा सूची में शामिल आवेदकों को फ्लैटों का आवंटन किया जाएगा। इसके अलावा प्रतीक्षा सूची में शामिल आवेदकों के साथ-साथ सभी असफल आवेदकों को पंजीकरण की राशि 15 दिनों के अंदर वापस कर दी जाएगी। रद्द किए गए फ्लैटों को भी इसी प्रकार ड्रा प्रक्रिया से प्रतीक्षा सूची में शामिल आवेदकों को आवंटित किया जाएगा।
विज्ञापन

श्रेणी कीमत
एचआइजी व एमआइजी 97.23 लाख से 2.14 करोड़
एलाआइजी 21.42 से 35.50 लाख
जनता फ्लैट्स 7.55 से 29.50 लाख
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें