आरोप है कि डबलू दोबारा लाडला की बहन से बातचीत कर रहा था। यह बात लाडला को पता चली तो वह आगबबूला हो गया। मंगलवार रात को इलाके में ही लाडला ने डबलू को रोक लिया। उस समय उसके साथ चन्ना भी मौजूद था। कहासुनी के दौरान आरोपियों ने पहले डबलू को पीटा। इसके बाद लाडला ने चाकू निकालकर उस पर कई वार दिए। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। वारदात के बाद डबलू ने खुद ही ऑटो लिया और वह अस्पताल पहुंच गया।
उधर घटना की जानकारी इलाके में लोगों को मिली तो इलाके में तनाव उत्पन्न हो गया। कुछ शरारती लोगों ने मामले को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया। घटना के बाद दोनों से भीड़ भी जुट गई, लेकिन पुलिस ने उससे पहले ही हालात संभाल लिये। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। देर रात को ही पुलिस ने आरोपी लाडला व उसके दोस्त चन्ना को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली है।
मामले की जांच कर रहे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना को जानबूझकर सांप्रदायिक बनाने का प्रयास किया गया। जबकि झगड़े में दो समुदायों वाली कोई बात नहीं है। आरोपी लाडला के पिता ने परिवार को छोड़ा हुआ है। लाडला की मां फिलहाल किसी सुबोध नामक शख्स के साथ रहती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यहां दो समुदायों के झगड़े का कोई सवाल ही नहीं उठता है। खुद वरिष्ठ अधिकारियों को इलाके में तैनात किया गया है।
घटना के बाद कुछ ऐसे हालात बने कि पुलिस बल तैनात करना पड़ा। पुलिस ने बुधवार को दोनों समुदाय के लोगों के साथ बैठक कर शांति बनाए रखने की अपील की। दोनों ही ओर से इलाके के मोहज्जिज लोग बैठक में मोजूद रहे। पुलिस ने बुधवार को डीडीयू अस्पताल में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच डबलू के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। जिले के वरिष्ठ अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं।