रोहिणी नार्थ इलाके में शुक्रवार शाम अज्ञात बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। शुरूआती जांच में पुलिस को आपसी रंजिश की आशंका है। पुलिस घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगालकर उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।
मृतक की शिनाख्त भीष्म(51) के रूप में हुई है। वह सेक्टर सात रोहिणी की जी ब्लॉक मे रहता था। परिवार में पत्नी सीता, दो बेटे अभिषेक , अभय और एक बेटी है। शुक्रवार शाम करीब सवा चार बजे भीष्म अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक उसके पास आया। उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और हमलावरों ने उसके पेट में दो गोली मार दी।
गोली मारने के बाद सभी आरोपी पैदल ही वहां से भागे और बाद में अपने साथियों की बाइक पर बैठकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। तब तक परिवार वाले भीष्म को अंबेडकर अस्पताल में लेकर चले गए थे। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
जांच में पता चला कि भीष्म पर मादक द्रव्य अधिनियम के तहत छह मामले दर्ज हैं। आखिरी मामला वर्ष 2020 में दर्ज हुआ है। परिवार वालों ने किसी से रंजिश से इंकार किया है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक की जांच में रंजिश की बात सामने आ रही है। पुलिस आस पास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगालकर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।