सदर बाजार इलाके में सात हथियार बंद बदमाशों ने शुक्रवार दिनदहाड़े एल्युमिनियम कारोबारी की दुकान में धावा बोल दिया। बदमाश ने कर्मचारी को बंधक बनाकर अलमारी में रखे 26 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। पुलिस ने डकैती का मामला दर्ज कर बदमाशों की पहचान करने में जुट गई है।
घनश्याम दास गुप्ता की सदर बाजार के नवाबगंज रोड पर ज्योति स्टील नाम का फर्म है। दुुकान में पवन नाम का कर्मचारी काम करता है। पवन शुक्रवार दोपहर दुकान पर बैठा हुआ था। तभी सात बदमाश दुकान में घुस गए। कुछ बदमाशों के पास पिस्टल थे। बदमाशों ने रस्सी से पवन को बांध दिया और पिस्टल के बट से उसके सिर पर हमला कर उसे घायल कर दिया।
इसके बाद बदमाश अलमारी में रखे 26 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। वहीं जांच में पता चला है कि गल्ले में आठ लाख रुपये थे, जिसे बदमाश नहीं ले गए। बदमाशों के जाने के बाद पवन ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग दुकान में पहुंचे और रस्सी को खोला। उसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने घायल पवन को अस्पताल में भर्ती कराया। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि शुक्रवार को पेमेेंट आने वाला था। पुलिस ने आशंका जताई है कि दुकान में काम करने वाले किसी कर्मचारी की सूचना पर ही वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने सभी कर्मचारियों का ब्योरा लेकर उनसे पूछताछ कर रही है।
एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र में लूटपाट
बिंदापुर इलाके में बदमाशों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के ग्राहक सेवा केंद्र में लूटपाट कर फरार हो गए। आरोपी ग्राहक बनकर पहुंचे और केंद्र चलाने वाले को गोली मारने की धमकी देकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सहयोग विहार मटियाला निवासी मेहराज खान (42) अपने घर में ही स्टेट बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। 16 दिसंबर की शाम करीब पौने आठ बजे वह केंद्र पर मौजूद थे।
इसी दौरान चार युवक वहां आए और बैंक खाते में रुपये जमा करने की बात कही। मेहराज ने सर्वर डाउन होने की बात कहकर रुपये जमा करने से मना कर दिया। सभी वहां से चले गए और करीब पांच मिनट बाद चारों फिर से वहां पहुंचे और पेटीएम करने के लिए कहा। तभी एक युवक ने पिस्टल निकाल कर उसके कमर में लगा दिया। इसके बाद एक बदमाश ने पांच हजार लूट लिया।