लाहौरी गेट इलाके में नकाबपोश बदमाशों ने आंगड़िए (जूलरी का कूरियर सर्विस देने वाला) के तीन कर्मचारियों को पिस्टल व चाकू दिखाकर बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने 10 लाख रुपये दो अलग-अलग बैगों में डालकर मौके से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद एक कर्मचारी जसू भाई पटेल ने मामले की सूचना पुलिस और अपने मालिक को दी। खबर मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। छानबीन के बाद लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से गुजरात के रहने वाले जसू भाई पटेल (54) कूंचा घासीराम में रहते हैं। वह कूंचा घासी राम में ही अरविंद भाई कांतिलाल नामक आंगड़िए की कंपनी में पिछले कई वर्षों से नौकरी करते हैं। शनिवार दोपहर करीब 2.30 बजे जसू अपने दो कर्मचारी परेश पटेल और हिरेन पटेल के साथ दफ्तर में मौजूद थे। इस बीच तीन नकाबपोश बदमाश जबरन दफ्तर में घुस गए और पिस्टल दिखाकर उन्हें बंधक बना लिया। बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर चुप रहने के लिए कहा। इसके बाद एक बदमाश ने अलमारी से 10 लाख रुपये लूट लिए। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।