पीड़ित परिवार ने घर छोड़ने का लिया फैसला
मोती नगर में बेटी से छेड़छाड़ के विरोध पर पिता की हत्या का मामला
वारदात के समय कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया
बेटी ने कहा-आरोपी पूरे परिवार की हत्या करना चाहता था
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मोती नगर में बेटी से छेड़छाड़ के विरोध पर पिता की हत्या और बेटे के घायल होने के बाद पीड़ित परिवार इस कदर आहत है कि करीब 100 साल पुराने अपने मकान को छोड़ने का फैसला लिया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि हत्या व जानलेवा हमले के दौरान उनके पड़ोसियों ने परिवार की कोई भी मदद नहीं की। यही वजह है कि वह अब यहां रहना नहीं चाहते।
मोती नगर में मृत कारोबारी की 24 वर्षीय बेटी ने आरोप लगाया है कि आरोपी और उसके परिवार वाले उनके पूरे परिवार की हत्या करना चाह रहे थे। उसने कहा कि घटना के समय आरोपी ने उसके बाल पकड़कर खींचे और पूरे परिवार को गोली मारने की धमकी दी। हद तो उस समय हो गई, जब एक शख्स घायल कारोबारी और उसके बेटे को अपनी स्कूटी से अस्पताल ले जाने लगा, तो आरोपियों ने उनकी स्कूटी को धक्का देकर गिरा दिया। पीड़ित परिवार का यहां तक आरोप है कि घटना के समय उनके पड़ोसियों ने भी उनके परिवार वालों को बचाने की कोशिश नहीं की और अपनी बालकनी से मूकदर्शक बनकर सब कुछ देखते रहे और कई लोग वीडियो बनाने में मशगूल रहे।
कारोबारी की बेटी ने बताया कि शनिवार रात उसे माइग्रेन की वजह से सिर दर्द हो रहा था। उसके पिता उसे आचार्य भिक्षु अस्पताल ले गए थे। रात करीब एक बजे वह घर आ रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला मोहम्मद आलम बीच रास्ते में खड़ा था। पिता ने उसे हटने के लिए कहा, वह हट तो गया लेकिन उसने गलत इशारा किया। पिता बेटी को लेकर घर पहुंचे और फिर स्कूटी घुमाकर जाने लगे। बेटे ने पिता को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह चले गए। बेटा भी पीछे से गया। कुछ ही देर में वहां हंगामा होने लगा। वह और उसकी मां भी वहां पहुंची। उन लोगों ने देखा कि पिता नीचे गिरे हैं। उनके ऊपर बेटा है जो हमलावरों को रोकने का प्रयास कर रहा है, जबकि आरोपी दोनों को चाकू और पत्थर से मार रहा था। छत से महिलाएं पथराव कर रही थीं। जब उसने रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसे भी बाल पकड़कर घसीटा और जान से मारने की धमकी दी।
‘पूरे परिवार के खिलाफ होनी चाहिए कार्रवाई’
आरोपी परिवार की महिलाएं हमला करने वाले लोगों को उकसा रही थीं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मोती नगर के बसई दारापुर इलाके में कारोबारी की हत्या के मामले में स्थानीय लोगों ने आरोपी के पूरे परिवार के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। पुलिस की तफ्तीश में भी यह बात सामने आई है कि घटना के समय आरोपी परिवार की महिलाएं हमला करने वाले लोगों को उकसा रही थीं। साथ ही हत्या में इस्तेमाल चाकू भी एक महिला ने ही आरोपी के हाथ में दिया था। इतना ही नहीं हमले के दौरान आरोपी परिवार की महिलाओं ने छत से पीड़ित परिवार पर पथराव भी किया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी परिवार काफी झगड़ालू है। गली के लोगों से इस परिवार का कोई मिलना जुलना नहीं है। आरोपी परिवार का एक युवक लोगों से अक्सर झगड़ा करता है। कुछ समय पहले उसने एक युवक की जमकर पिटाई की थी। यहां रहने वाले लोग आरोपी परिवार से डरते हैं। डर का आलम यह है कि घटना के समय लोगों ने वीडियो बनाया, लेकिन किसी ने भी उसे वायरल करने का साहस नहीं किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के समय आरोपियों ने धमकी दी कि मारपीट के दौरान अगर कोई सामने आएगा, तो उसका भी वही हाल किया जाएगा, जो कारोबारी के साथ किया गया है।
स्थानीय लोगों का पुलिस पर आरोप है कि इतने दिन से किराये पर रहने के बावजूद पुलिस ने आरोपी के परिवार का सत्यापन तक नहीं किया है। लोग चाहते हैं कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करे।
इलाके में तनाव, पुलिस बल तैनात
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जिसको देखते हुए वहां पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस आने-जाने वाले लोगों पर विशेष निगाह रख रही है। साथ ही पुलिसकर्मी एक जगह पर ज्यादा लोगों को इकट्ठा होने से रोक रही है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई हो : तिवारी
नई दिल्ली। बसई दारापुर में छेड़छाड़ के विरोध पर पीड़िता के पिता की हत्या करने के मामले में दिल्ली भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी ने फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई करने की मांग की। मंगलवार को इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि यह घटना हृदय विदारक है। समाज में गुंडाराज की कोई जगह नहीं है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। मनोज तिवारी ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग भी की है। ब्यूरो