मोहाली के ध्यानार्थ
ई-मेल अकाउंट से पकड़ा गया 18 लाख चुराने वाला कर्मचारी
गर्लफ्रेंड के साथ मस्ती के लिए मालिक के उड़ाए थे रुपये
आरोपी मोहाली से गिरफ्तार, 16.90 लाख रुपये बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गर्लफ्रेंड के साथ नए वर्ष के मौके पर मौज-मस्ती करने के लिए एक कर्मचारी ने अपने मालिक ज्वैलर्स के 18 लाख रुपये उड़ा लिए। पैसे उड़ाकर वह गर्लफ्रेंड के साथ हवाई सफर कर मौज-मस्ती करता रहा। आरोपी अपने ई-मेल अकाउंट को लॉगआउट नहीं कर पाया और पुलिस के हत्थे चढ़ गया। ग्रेटर कैलाश-एक थाना पुलिस ने आरोपी को मोहाली (पंजाब) से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16.90 लाख रुपये बरामद कर लिए। दिल्ली पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आ रही है।
दक्षिण जिला डीसीपी विजय कुमार ने बताया कि एम-ब्लॉक, जीके-एक में ज्वैलरी की दुकान चलाने वाले गुनप्रीत सिंह ने 29 दिसंबर को ग्रेटर कैलाश-एक थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि उसने अपने कर्मचारी जसविंदर सिंह को राजौरी गार्डन स्थित जेवरात ज्वैलर्स के पास 18 लाख रुपये की पेमेंट लेने भेजा था। कर्मचारी जसविंदर पेमेंट लेकर गायब हो गया और मोबाइल बंद कर लिया। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी के किराये के घर पर पिता, साथी, चाचा व दोस्तों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, मगर आरोपी का सुराग नहीं लगा। पुलिस को जांच में पता लगा कि आरोपी की पूर्वोत्तर राज्य की एक युवती से दोस्ती है। घटना के बाद से गर्लफ्रेंड का भी फोन बंद आ रहा था। गर्लफ्रेंड की लोकेशन दीमापुर, नागालैंड आ रही थी।
पुलिस को जांच में ये भी पता लगा कि आरोपी अपने ई-मेल अकाउंट को लॉगआउट करना भूल गया था और वह अपने ई-मेल अकाउंट को ऑपरेट कर रहा था। इससे पुलिस ने उसके कंप्यूटर का आईपी एड्रेस निकलवाया। आरोपी की लोकेशन मोहाली आई। ई-मेल से पता लगा कि उसने दीमापुर से कोलकाता, कोलकाता से दिल्ली और दिल्ली से चंडीगढ़ के लिए तीन एयर टिकट बुक कराए थे। एसआई विक्रम सिंह की टीम मोहाली रवाना हुई और आरोपी जसविंदर को ड्रीम जीरकपुर, मोहाली, तहसील डेराबस्सी स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया।