रफ्तार का कहर, कार पलटने से किशोर की मौत
कार सवार चार दोस्त बुरी तरह जख्मी
नशे में था चालक, पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रोहिणी जिले के कंझावला इलाके में सोमवार रात नशे और रफ्तार का कहर देखने को मिला। नशे की हालत में कार चला रहा युवक अपना नियंत्रण खो बैठा और कार पलट गई। इस हादसे में 17 वर्षीय किशोर की कार के नीचे दबने से मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नीशु कुमार (17) के रूप में हुई है। वहीं, कार चला रहे हेमंत उर्फ हन्नी (21) व उसके दोस्त दीपक उर्फ गौरव (20), चेतन (18) और राहुल (19) बुरी तरह घायल हो गए। घायलों को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, घायल चेतन ने बताया कि वह परिवार के साथ कंझावला इलाके में रहता है। वह इलाके के ही एक पब्लिक स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र है। सोमवार रात को वह अपनी कार से दोस्त हेमंत, दीपक, राहुल व नीशु के साथ एक मित्र तरुण से मिलने रानी खेड़ा गांव गया था। वहां हेमंत ने शराब पी और कार चलाने लगा। लौटते समय हेमंत तेज रफ्तार से कार चला रहा था। मना करने के बावजूद उसने कार की रफ्तार कम नहीं की। इस बीच रानी खेड़ा-घेवरा नहर की पुलिया पर चढ़कर कार नीचे खेत में उतरकर पलट गई। सभी दोस्त किसी तरह बाहर निकले। इस बीच नीशु कार के नीचे दबकर बुरी तरह जख्मी हो गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने नीशु को मृत घोषित कर दिया। बाकी चारों लड़कों का अस्पताल में इलाज जारी है।