घर में घुसकर किशोरी की गला रेतकर हत्या
ख्याला के विष्णु गार्डन इलाके में हुई वारदात
शुरुआत में मां ने लूटपाट की बात बताई, बाद में किया इंकार
पुलिस किसी जानकार का हाथ होने की जता रही है आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। ख्याला के विष्णु गार्डन इलाके में सोमवार रात को घर में घुसकर 15 वर्षीय किशोरी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका की शिनाख्त पूजा के रूप में हुई है। मां ने शुरुआत में लूटपाट की आशंका जताई, लेकिन बाद में वह इससे इंकार करने लगी। शुरुआती जांच के बाद पुलिस हत्या में किसी जानकार का हाथ होने की बात कर रही है। पुलिस लूटपाट, प्रेम प्रसंग, रंजिश समेत कई दृष्टिकोण से छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पूजा परिवार के साथ विष्णु गार्डन, ख्याला में रहती थी। परिवार में पिता मुन्नालाल, मां राजो देवी, दो बहनें व एक भाई दीपक है। पूजा पास के सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा थी। पूजा के माता-पिता घर के पास ही मंडी में सब्जियां बेचते हैं। सोमवार शाम के समय माता-पिता मंडी में थे, जबकि दीपक गली में खेल रहा था। पूजा की दोनों बहनें भी घर के बाहर थीं। पूजा घर में अकेली थी। इस बीच रात करीब 8.30 बजे दीपक घर पहुंचा, तो देखा कि उसकी बहन खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थी। दीपक माता-पिता के पास पहुंचा और सारी बात बताई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पूजा के गले पर चाकू के दो निशान थे। किसी ने घर में घुसकर उसकी हत्या की थी। शुरुआत में मां ने बताया कि उसके घर से 40 हजार रुपये गायब हैं, लेकिन बाद में वह इंकार करने लगी। इधर पुलिस ने पूजा के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई है, उसके आधार पर पुलिस हत्या की गुत्थी से पर्दा उठाने का प्रयास कर रही है। पुलिस को आशंका है कि किसी जानकार ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।