पुरानी रंजिश को लेकर मुस्तफाबाद में ताबड़तोड़ गोलीबारी
-दो गुटों में हुआ बवाल, नहीं लगी किसी को गोली, मारपीट में एक किशोर समेत तीन लोग घायल
-दयालपुर थाना में मामला दर्ज, दोनों गुटों के लोगों से पूछताछ कर पुलिस कर रही छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में मंगलवार दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद एक पक्ष ने एक घर पर छह राउंड गोलियां चला दी। गनीमत यह रही कि गोली किसी को नहीं लगी। मारपीट में एक किशोर समेत तीन लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना कि झगड़ा पुरानी रंजिश को लेकर हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, हमले में अमन (16), बबलू (25) के अलावा एक अन्य शख्स घायल हुआ है। दोनों पक्षों के बीच झगड़े की क्या वजह है और गोली चलाने वाले कौन हैं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर सूचना मिली थी कि पुराने मुस्तफाबाद, दिलशाद मस्जिद के पास कुछ लोगों के बीच झगड़े के दौरान गोलियां चल रही हैं। हमले में कुछ लोगों को गोलियां भी लग गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इधर, पुलिस को एक मकान के बाहर गोलियां के खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस मकान मालिक व अन्य लोगों से पूछताछ कर झगड़े की वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है।