आनन-फानन में शुरू कर दिए गए नए थाने
- फि लहाल दूसरे थानों से शुरू किए गए हैं नए थाने
- अभी तक थानों के भवन के लिए जमीन आवंटित नहीं
- थानाध्यक्षों की सूची भी जारी नहीं की गई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक ने आनन-फानन में 15 नए थाने तो शुरू कर दिए, लेकिन थानों के लिए न कोई सुविधा और न ही संसाधन। नए थानों के लिए अभी बिल्डिंग के लिए जगह भी आवंटित नहीं की गई है। खास बात ये है कि नए थानों के थानाध्यक्षों की सूची भी जारी नहीं की गई है। दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त प्रवक्ता अनिल मित्तल का कहना है कि किसी चीज को शुरू करने में टाइम लगता है। नए थानों को जल्द ही सभी सुविधाएं मिल जाएंगी।
दिल्ली पुलिस में 15 नए थाने व एक नया बाहरी-उत्तरी जिला बनाया गया है। नए थाने व जिले ने एक जनवरी से काम करना शुरू कर दिया है। रोहिणी, उत्तर-पश्चिमी और बाहरी जिले के कुछ हिस्से को अलग कर बाहरी-उत्तरी जिला बनाया गया है। इनमें आठ थाने नरेला, नरेला औद्योगिक एरिया, अलीपुर, समयपुर बादली, बवाना, शाहबाद डेयरी, स्वरूप नगर और भलस्वा डेयरी होंगे। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी जिले में शास्त्री पार्क, दयालपुर, पूर्वी जिले में पटपड़गंज औद्योगिक एरिया व शकरपुर, दक्षिण-पूर्वी जिले में शाहीनबाग, कालिंदी कुंज, दक्षिण जिले में मैदानगढ़ी और तिगड़ी, द्वारका जिले में मोहन गार्डन, बाहरी जिले में राजपार्क, रोहिणी जिले में प्रेम नगर और बुद्ध विहार, उत्तरी जिले में वजीराबाद और दक्षिण-पश्चिमी जिले में किशनगढ़ नए थाने बनाए गए हैं।
नए बने बाहरी-उत्तरी जिले में नरेला औद्योगिक एरिया नया थाना बनाया गया है।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नए थाने पड़ोसी थाने से शुरू किए गए हैं। जैसे नया बना थाना मैदानगढ़ी थाना महरौली थाने और तिगड़ी नेबसराय थाने से शुरू किया गया है। इन थानों के लिए न तो टेलीफोन लाइन है न ही संसाधन हैं।
हालांकि, नए थानों को स्टाफ दे दिया गया था। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नए थानों के थानाध्यक्षों की सूची अभी जारी नहीं की गई है। 15 निरीक्षकों को मौखिक रूप से थानों का प्रभार संभालने को कहा गया है। जिन्होंने मंगलवार को थाने का प्रभार संभाल लिया।