बैट्री चोरों ने गोलियां चला युवक पर चढ़ाई कार
भीड़ को आता देखकर बदमाश कार मौके पर छोड़कर हुए फरार
लोगों ने कार पलटकर दबे युवक को निकाला
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बाहरी-उत्तरी जिले के भलस्वा डेयरी इलाके में सोमवार रात बैट्री चोरों ने पकड़े जाने के डर से ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर एक युवक पर कार चढ़ा दी। शोर-शराबा हुआ तो लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। चोर अपनी कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। भीड़ ने कार के नीचे दबे युवक को कार पलटकर निकला। उसकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट लगी। घायल दीपक (34) को गंभीर हालत में बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत ज्यादा गंभीर होने पर पहले उसे आरएमएल और बाद में सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की कार, एक कारतूस व कई खोखे बरामद किए हैं। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, दीपक परिवार के साथ गुरु नानक देव कॉलोनी, भलस्वा डेयरी इलाके में रहता है। दीपक का कारों की कमानी ठीक करने का काम है। दीपक ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात 1.30 बजे उसने अपने घर के बाहर खड़क की आवाज सुनी। उसने खिड़की से झांककर देखा तो दो लड़के उसकी वैगनआर कार से बैट्री निकाल रहे थे। दीपक ने दोनों भाइयों को जगाया और तीनों ने बदमाशों पर धावा बोल दिया। इस बीच बदमाशों की कार में बैठे दो अन्य बदमाशों ने ताबड़तोड़ हवा में गोलियां चलाना शुरू कर दिया। बैट्री चुरा रहे बदमाश भागकर अपनी कार की ओर जाने लगे, तो दीपक व उसके भाइयों ने एक बदमाश को पकड़ लिया। इस पर बदमाशों ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी,
लेकिन दीपक व उसके भाइयों ने बदमाश को नहीं छोड़ा। इस बीच कार सवार बाकी बदमाशों ने अचानक अपनी कार बैक की और दीपक के ऊपर कार चढ़ा दी। दीपक कार के नीचे दब गया। पकड़ा हुआ बदमाश उनसे छूटकर भागने लगा। इस बीच भीड़ वहां पहुंच गई और सभी बदमाश मौके पर कार छोड़कर फरार हो गए, जबकि दीपक बुरी तरह घायल कार के नीचे दबा रहा। पड़ोसियों ने उसे कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी बदमाशों की तलाश कर रही है।