हत्या की साजिश रच रहे चार
बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
पुरुषोत्तम वर्मा
नई दिल्ली। दक्षिण जिले के स्पेशल स्टाफ ने विरोधी गिरोह के सरगना की हत्या की साजिश रच रहे चार बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। बदमाशों की गोली से एक एसआई बाल-बाल बच गया।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्पेशल स्टाफ प्रभारी पीके झा की टीम को संगम विहार एफ ब्लॉक में विरोधी गिरोह के सरगना हरीकिशन उर्फ हैरी की हत्या की साजिश के लिए बदमाशों के जुटने की सूचना मिली थी। इंस्पेक्टर पीके झा की देखरेख में एसआई एके झा की विशेष टीम सोमवार रात संगम विहार पहुंची तो बदमाशों ने गोलियां चला दीं। गोली से एसआई एके झा बाल-बाल बचे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने अरमान उर्फ लाला (28), प्रेम सिंह रावत उर्फ पप्पी (30), रविंद्र उर्फ मन्नू (28) और रोहित शर्मा (26) को गिरफ्तार कर लिया। अरमान व प्रेम सिंह पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनके कब्जे से अत्याधुनिक पिस्टल, तमंचा व कारतूस मिले हैं। पुलिस को मौके से कई खोल भी मिले हैं।
बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि विरोधी गिरोह हरीकिशन के साथ उनकी संगम विहार में दबदबा बनाने के लिए गैंगवार चल रही है। प्रेम सिंह रावत पेशे से बाउंसर है। वह कई क्लब में बाउंसर की नौकरी कर चुका है। वह कम समय में अधिक पैसा कमाने के लिए अपराध की दुनिया में उतरा था। रोहित शर्मा व रविंद्र के खिलाफ पहले से कोई मामला दर्ज नहीं है। वह हाल ही में आपराधिक वारदात करने लगे थे।