कारोबारी समेत दो लोगों ने फांसी लगाई
नई दिल्ली। राजधानी में एक कारोबारी समेत दो लोगों ने फांसी लगाकर जान दे दी। उनके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, योगराज (58) पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे के साथ डी ब्लॉक सेक्टर-16 रोहिणी में रहते थे। कुछ समय से उनका कारोबार ठीक नहीं चल रहा था और कर्ज भी ले रखा था। सोमवार सुबह योगराज बाथरूम गए थे। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर पत्नी और बेटे ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं आने पर बेटे ने दरवाजा तोड़ा तो योगराज बाथरूम में पंखे के हुक से लटके हुए थे। परिजन उन्हें उतारकर पास के अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उधर, कंझावला इलाके में रविवार शाम 7 बजे पुलिस को जीवन ज्योति अस्पताल से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर निजामपुर गांव निवासी सोमवीर शव कब्जे में लिया। परिजनों ने बताया कि उनके पास से सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों के मुताबिक, पत्नी और दो बेटियों के साथ रहने वाले सोमवीर बहादुरगढ़ स्थित एक फैक्टरी में काम करते थे। रविवार शाम पत्नी ने देखा कि सोमवीर के कमरे का दरवाजा बंद है। खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो उनकी पत्नी ने पड़ोसी पुष्पेंद्र को बुलाकर दरवाजा तुड़वाया। तब पता चला कि सोमवीर पंखे से फंदा लगाकर लटके थे। परिजन उन्हें उतारकर जीवन ज्योति अस्पताल ले गए, जहां जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।