कार की टक्कर से गिरा, पीछे से आती बाइक ने कुचला
दर्दनाक हादसे में एक की मौत, दूसरा घायल
पुलिस कार और बाइक चालक की तलाश कर रही
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बेगमपुर इलाके में दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गई। दरअसल, तेज रफ्तार कार ने पहले उसकी बाइक को टच किया। अनियंत्रित बाइक सवार के नीचे गिरने के बाद पीछे से आ रही एक अन्य बाइक ने उसके सिर को कुचल दिया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल शख्स को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के समय बाइक पर उसका दोस्त भी सवार था, जो हादसे में मामूली रूप से जख्मी हुआ। घायल शख्स के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी कार व बाइक चालक की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मरने वाले युवक की शिनाख्त विनोद शर्मा (36) के रूप में हुई है। वह सपरिवार अमन विहार में रहता था, जबकि घायल की पहचान अमन विहार निवासी अनूप चौरसिया के रूप में हुई है। दोनों सेक्टर-2 बवाना स्थित एक फैक्टरी में वेल्डिंग का काम करते थे। शुक्रवार रात दोनों फैक्टरी से घर आ रहेे थे। बाइक को विनोद चला रहा था।