बिहार में हत्या कर दिल्ली में छिपकर रह रहा बदमाश धरा
नई दिल्ली। बिहार में हत्या करने के बाद दिल्ली में छिपकर रह रहे एक बदमाश को स्वरूप नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस को उसके पास से पिस्तौल और कारतूस मिले हैं। वर्ष 2016 में बिहार के समस्तीपुर में हत्या करने के बाद वह पंजाब भाग गया था। उसके बाद वह एक साल से दिल्ली में रह रहा था। दिल्ली पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना बिहार पुलिस को दे दी है।
जिला पुलिस उपायुक्त गौरव शर्मा ने बताया कि आरोपी की पहचान समस्तीपुर बिहार निवासी सुंदर कापर के रूप में हुई है। स्वरूप नगर पुलिस को सुंदर के इलाके में छिपकर रहने की जानकारी मिली थी। घर की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से पिस्तौल और कारतूस मिले। पूछताछ में सुंदर ने बताया कि बिहार में उसके खिलाफ हत्या, उगाही, लूटपाट और आर्म्स एक्ट और गंभीर चोट पहुंचाने के कई मामले दर्ज हैं। ब्यूरो