पुताई के दौरान तीसरी मंजिल से गिरा मजदूर, मौत
- पुलिस ने मकान मालिक को लापरवाही के मामले में किया गिरफ्तार
-परिजनों ने दूसरे मजदूर पर लगाया हत्या का आरोप, किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में मंगलवार को मकान की तीसरी मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त वसीम अहमद (30) के रूप में हुई है। वसीम की पत्नी ने उसके साथी सादिक व अन्य लोगों पर पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। गुस्साए परिजनों ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद खजूरी चौक पर प्रदर्शन किया।
पुलिस ने लापरवाही बरतने का मामला दर्ज कर मकान मालिक रामानंद (64) और वसीम के साथ काम करने वाले मजदूर सादिक (23) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस केे मुताबिक वसीम परिवार के साथ गली नंबर-26, श्रीराम कॉलोनी, खजूरी खास में रहता था। मंगलवार को वह अपने घर के पास गली नंबर-20 में रामानंद नामक शख्स के यहां पुताई का काम कर रहा था। पुताई करने के लिए उसने सामने वाली बिल्डिंग पर रस्सी बांधी हुई थी। झूले पर चढ़कर वह पुताई कर रहा था। इसी दौरान रस्सी टूटने के कारण तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। पीसीआर की गाड़ी उसे गंभीर हालत में कश्मीरी गेट स्थित सुश्रुत ट्रामा सेंटर ले गई, जहां इलाज के दौरान उसने कुछ ही घंटों में दम तोड़ दिया।