चार हथियारबंद बदमाशों ने भिड़ा मनी एक्सचेंजर
- मौके पर गिरा बदमाश की पिस्टल का मैगजीन, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका इलाके में शुक्रवार रात एक मनी एक्सचेंजर बहादुरी दिखाते हुए चार हथियारबंद बदमाशों से भिड़ गया। उसने एक बदमाश को दबोच भी लिया लेकिन वह हाथापाई कर फरार हो गया। बदमाश के पिस्टल का मैगजीन मौके पर गिर गया। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, हरिनगर निवासी रंजीत रमोला का मनी एक्सचेंज का काम है। द्वारका सेक्टर-12 में स्थित वर्धमान टॉवर में कार्यालय है। शुक्रवार रात करीब 8 बजे चार युवकों को अपने कार्यालय के बाहर संदिग्ध हालत में घूमते देखा। वह बाहर निकलकर युवकों को खड़े होने का कारण पूछा। इतना पूछते ही चारों बदमाशों ने पिस्टल निकाल लिए और रंजीत को काबू में करने का प्रयास करने लगे। लेकिन बिना डरे रंजीत बदमाशों से भिड़ गया और एक बदमाश को दबोच लिया। यह देख कर बदमाशों के हौसले पस्त हो गए और तीनों अपने सहयोगी को छोड़ कर मौके से फरार हो गए।
पकड़ा गया बदमाश भी वहां से भागने की कोशिश करने लगा और रंजीत से हाथापाई करने लगा। बदमाश रंजीत को धक्का देकर वहां से फरार हो गया। लेकिन भागने के क्रम में बदमाश के पिस्टल का मैगजीन मौके पर ही गिर गया।