कोरोना काल के दौरान राजधानी में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। पिछले साढ़े पांच माह के दौरान दुष्कर्म, झपटमारी, लूटपाट और वाहन चोरी के मामले तेजी से बढ़े हैं। दिल्ली पुलिस की ओर से जारी किए गए आंकड़ों पर गौर किया जाए तो औसतन हर दिन 811 यानि 34 एफआईआर कर घंटे में दर्ज हो रही हैं।
हालांकि जघन्य अपराधों की बात की जाए तो उसमें कमी आई है। पिछले साल 2436 के मुकाबले इस साल 2315 मामले ही दर्ज किए गए। नए पुलिस आयुक्त बालाजी श्रीवास्तव ने सभी पुलिस अधिकारियों से क्राइम के ग्राफ को नीचे लाने के लिए सड़कों पर दृश्यता बढ़ाने के लिए कहा है।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक जनवरी 2021 से लेकर 15 जून 2021 के बीच अब तक 123295 एफआईआर दर्ज हो चुकी है। पिछले साल इसी समय अवधि में यह आंकड़ा महज 113855 का था। वहीं दुष्कर्म की बात की जाए तो दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक औसतन रोजाना छह महिलाओं के साथ दुष्कर्म की वारदात हो रही है।
दुष्कर्म के मामले भी पिछले साल के मुकाबले बढ़े हैं। पिछले साल दुष्कर्म का आंकड़ा 580 था जो इस बार बढ़कर 833 पर पहुंच गया है। इसी तरह झपटमारी की बात की जाए तो पिछले साल 2612 के बदले इस साल झपटमारी की 3829 वारदातें हो चुकी हैं। वाहन चोरी भी 13130 के बदले इस साल 15667 हो चुकी हैं। दूसरी ओर लूट के मामले 701 के मुकाबले 942 हुए हैं।
राजधानी के बढ़ते ग्राफ के कुछ आंकड़े...
वारदात--------2020--------2021
. डकैती--------04----------07
. हत्या---------226--------196
. हत्या का प्रयास--236------295
. लूटपाट--------701------942
. दंगा-----------681------35
. दुष्कर्म---------580------833
. छेड़छाड़-------735------1022
. झपटमारी-------2612----3829
. वाहन चोरी-----13130---15667
. कुल मामले----113855--123295
(नोट: सभी आंकड़े एक जनवरी से 15 जून तक हैं।)