मानसरोवर पार्क इलाके में पत्नी के साथ संबंध के शक में एक युवक की बीयर की बोतल से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। चश्मदीद की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को न्यू अशोक नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की शिनाख्त सोनू के रूप में हुई है। वह कूड़ा बीनने का काम करता था। पुलिस मृतक के परिवार वालों के बारे में जानकारी हासिल करने का प्रयास कर रही है। आरोपी की पहचान न्यू अशोक नगर निवासी हीरा लाल (26) के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार रात साढ़े दस बजे पुलिस को नत्थू काॅलोनी अंडरपास के पास एक व्यक्ति के खून से लथपथ हालत में पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जीटीबी अस्पताल लेकर गई, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास पूछताछ की। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान ही एक चश्मदीद ने बताया कि न्यू अशोक नगर में रहने वाले हीरालाल ने सोनू की हत्या की है। पुलिस ने इस सूचना पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसने न्यू अशोक नगर से गिरफ्तार कर लिया।
शराब पीने के दौरान गाली दी तो युवक को मार डाला
जाफरपुर कलां में शराब पीने के दौरान गाली देने पर एक युवक की डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस को जांच में पता चला कि पड़ोसी दो युवकों से उसका झगड़ा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने समस्तीपुर निवासी उमेश और अनिल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी राजमिस्त्री और मजदूर हैं। सोमवार सुबह पुलिस को रावता मोड़ इलाके में रोहतक निवासी मंजीत के अचेत पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर पुलिस ने देखा कि युवक के शरीर पर चोट के निशान हैं। पुलिस मंजीत को अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मंजीत जाफरपुर कलां में बर्गर की दुकान में काम रहता था और रावता मोड़ पर एक मकान में किराये पर रह रहा था। मंजीत शराब पीने के लिए पड़ोसी उमेश के घर जाता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात शराब पीने के दौरान युवकों में झगड़ा हुआ था। घटना के बाद उमेश और अनिल गायब थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब पीने के दौरान मंजीत किसी बात पर गालियां देने लगा। इससे गुस्से में आकर उमेश व अनिल ने लाठी डंडे से उसकी पिटाई कर दी।
गाजीपुर में युवक को चाकू से गोदकर मारा
गाजीपुर में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। युवक एक कार के पास आकर गिर गया। इसके बाद कार में मौजूद शख्स ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक को पास के अस्पताल ले गई, जहां से उसे एम्स भेज दिया गया। यहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस युवक की पहचान का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार, साहिबाबाद निवासी अमित शर्मा बिल्डिंग मटीरियल सप्लाई करता है। सोमवार तड़के गाजीपुर थाने के पास वह सड़क बनाने वाली कंपनी के मुंशी के साथ कार में बैठकर कागजात की जांच कर रहा था। तड़के करीब 4 बजे एक युवक ने उसकी ड्राइविंग सीट के गेट के शीशा को खटखटाया। शीशा नीचे करने पर युवक ने पूछा कि थाना कहां है और गिर गया। इसके बाद अमित थाने से पुलिसकर्मियों को बुलाकर लाया।
कंधा टकराने पर डंडे से पीटकर हत्या
वजीराबाद के संत नगर में सोमवार को महज कंधा टकराने पर परविंदर की डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, चश्मदीद ने बताया कि कंधा टकराने पर परविंदर ने मनोज को गाली दे दी थी। इसके बाद मनोज ने डंडे से परविंदर को बेरहमी से पीट दिया। इसके बाद पुलिस ने संत नगर निवासी मनोज को गिरफ्तार कर लिया। मनोज इलाके का घोषित बदमाश है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल डंडा बरामद कर लिया है।
सराय रोहिल्ला में युवक की पीटकर हत्या
सराय रोहिल्ला में एक युवक की पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक की आंतें बाहर निकली हुईं थीं। पुलिस युवक की पहचान करने के प्रयास जुटी है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार को सूचना मिली कि कचरा पार्क फेज 2 शहजादा बाग में झाड़ियों के बीच युवक का शव पड़ा है। युवक की उम्र करीब 20- 25 वर्ष के बीच है। युवक लाल कमीज व नीली जींस पहने हुए था। उसके गले, चेहरे, पेट पर गंभीर चोट के निशान हैं। पास ही दिल्ली मेट्रो की दीवार पर भी खून के छींटे पड़े थे। दाहिने हाथ पर तीन स्टार व आरआर टैटू गुदा हुआ है। ब्यूरो