आर्म्स एक्ट के एक मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को राजस्थान के जोधपुर और गंगानगर लेकर जाएगी। वहीं, पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या मामले में पूछताछ के लिए अदालत ने लॉरेंस बिश्नोई की रिमांड अवधि पांच दिन बढ़ा दी है।
पटियाला हाउस अदालत ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या मामले में पूछताछ के लिए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की रिमांड अवधि 5 दिन और बढ़ा दी है। आर्म्स एक्ट के एक मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस उसे राजस्थान के जोधपुर और गंगानगर लेकर जाएगी।
विज्ञापन
ड्यूटी मजिस्ट्रेट उमेश कुमार ने लॉरेंस बिश्नोई की रिमांड अवधि पांच दिन बढ़ा दी है। 31 मई 2022 को लॉरेंस बिश्नोई को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया था। उससे पूछताछ के दौरान जिन लोगों के नाम सामने आए उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पांच दिन की और रिमांड मांगी।
बिश्नोई के वकील विशाल चोपड़ा ने याचिका का विरोध नहीं किया। कोर्ट ने पूछा कि 5 दिन की पुलिस हिरासत में क्या किया गया है। दिल्ली पुलिस के एक विशेष प्रकोष्ठ ने कहा कि आरोपी को दिल्ली एनसीआर में सोनीपत, पलवल, बहादुरगढ़ और अन्य स्थानों पर लेकर जाया गया। जांच अधिकारी (आईओ) ने अदालत के समक्ष पेश किया कि पूछताछ के दौरान रंजीत, सैम सिंह और विजय की संलिप्तता का खुलासा हुआ है। रंजीत उत्तराखंड का है और वह ऐसा व्यक्ति है जिसने विजय को हथियारों की आपूर्ति की और दूसरे आरोपियों को भी हथियार मुहैया करवाता था। रंजीत और विजय की तलाशी के लिए लॉरेंस को राजस्थान ले जाया जाएगा।
विज्ञापन
बिश्नोई गैंग लिखने पर कुलदीप ने जताई आपत्ति
पंजाब के मशहूर गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई द्वारा ली गई जिम्मेदारी के बाद मीडिया में बिश्नोई गैंग शब्द के प्रयोग पर कुलदीप बिश्नोई ने आपत्ति जताई है। अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के संरक्षक के नाते कुलदीप बिश्नोई ने केंद्रीय प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर को रविवार पत्र लिखकर कर बिश्नोई गैंग शब्द के प्रयोग किए जाने पर रोक लगाने की मांग की है। कुलदीप ने कहा है कि अच्छे और बुरे लोग हर जाति और समुदाय में होते हैं, लेकिन इस प्रकार पूरे समाज के बारे में अपशब्द लिखना निंदनीय है। इसको लेकर पहले भी महासभा चेतावनी जारी कर चुकी है। पंजाब में हुई घटना को लेकर पूरे बिश्नोई समाज का अपमान किया जा रहा है, यह ठीक नहीं है।
मूसेवाला हत्याकांड की हर हाल में होगी सीबीआई जांच: हंसराज
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की सीबीआई जांच हर हाल में होगी, लेकिन अफसोस है कि सिद्धू मूसेवाला को वापस नहीं ला सकते। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश लेकर सिद्धू मूसेवाला के घर पहुंचे दिल्ली के सांसद व प्रसिद्ध गायक हंसराज हंस ने कहा कि सीबीआई से मामले की जांच करवाना हमारी जिम्मेदारी है, हम कोशिश करेंगे कि प्रधानमंत्री मोदी भी मूसेवाला के माता-पिता से बात करें। हंस ने कहा कि शनिवार को गृहमंत्री अमित शाह ने मूसेवाला की मौत पर दुख जताया था और कहा था कि उनका जाना पंजाब के लिए बड़ा नुकसान है।