उन्होंने कहा, ''उस उछाल को दिल्ली में कोरोना की तीसरी लहर का शीर्ष बिंदु माना जा सकता है और लगता है कि हमने उस बिंदु को पार कर लिया है। पिछले कुछ दिनों में कोरोना के दैनिक मामलों में कमी आई है। कल (बुधवार को) लगभग 13,000 मामले दर्ज किए गए और पॉजिटिविटी दर 24 रही। और आज नए मामलों की संख्या उससे कम है।''
13 जनवरी को दिल्ली में मिले थे 28,867 मामले
राष्ट्रीय राजधानी में 13 जनवरी को 28,867 नए मामले दर्ज किए गए थे, जो कोरोना महामारी की शुरुआत के बाद से सबसे बड़ा उछाल था। उस दौरान पॉजिटिविटी दर 29.21 प्रतिशत थी। इसके बाद 14 जनवरी को पॉजिटिविटी दर बढ़कर 30 प्रतिशत से ज्यादा हो गई थी।
हालांकि जैन ने सतर्क किया कि हो सकता है कि दिल्ली में कोरोना लहर की पीक गुजर गई हो लेकिन हम अभी भी खतरे से बाहर नहीं हो सकते हैं और हमें आंकड़ों पर नजर रखनी होगी। प्रतिबंधों में ढिलाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि कोरोना के मामले कम होने में इन कदमों का भी योगदान है और प्रतिबंधों में ढिलाई देने के संबंध में कोई भी निर्णय लेने से पहले हमें सबसे पहले आगामी दिनों में स्थिति पर नजर रखनी होगी।
किया दावा- हर राज्य से ज्यादा हो रही दिल्ली में दैनिक जांच
कोरोना जांच में कमी के सवालों पर जैन ने दावा किया कि दिल्ली अभी भी किसी अन्य राज्य से ज्यादा दैनिक जांच कर रही है और जरूरत पड़ने पर किसी को जांच करने से मना नहीं किया जा रहा है।