पांच दिन बाद राजधानी में कोरोना संक्रमित एक मरीज की मौत हो गई। वहीं बुधवार को भी एक दिन में 35 मामले सामने आए हैं। लगातार दूसरे दिन भी मंडोली जेल से पुराने संक्रमित मामलों की जानकारी दर्ज कराई गई है। बीते 19 अगस्त को राजधानी में दो मरीजों की मौत हुई थी लेकिन इसके बाद 20 से 24 अगस्त तक मौत दर्ज नहीं की गई थी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में 35 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं। जबकि एक मरीज की मौत हुई है। इनके अलावा 86 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। इस दौरान 73,511 सैंपल की जांच हुई जिनमें 0.05 फीसदी संक्रमित मिले। इससे पहले बीते मंगलवार को एक दिन में 39 नए मामले दर्ज किए गए थे। जबकि एक भी मौत नहीं हुई थी।
इसके साथ ही राजधानी में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 14,37,550 हो चुकी है जिनमें से 14,12,081 अब तक स्वस्थ हुए हैं। वहीं 25080 लोगों की संक्रमण के चलते मौत हो चुकी है। फिलहाल कोरोना की मृत्युदर 1.74 फीसदी और अब तक की संक्रमण दर 5.69 फीसदी दर्ज की गई है।
विभाग ने जानकारी दी है कि अब सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 389 रह गई है जिनमें से 103 मरीजों का उपचार उनके घरों में चल रहा है वहीं अस्पतालों में 249 मरीज भर्ती हैं। इनके अलावा कंटेनमेंट जोन की बात करें तो अभी 219 इलाके कोरोना संक्रमण के चलते सील हैं जिनमें से करीब 70 से अधिक जोन को इसी सप्ताह के अंत तक खोल दिया जाएगा।
मंडोली जेल में दो दिन में 142 मामले
दूसरी लहर के दौरान जेल में बंद कैदी भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आए थे लेकिन मंडोली जेल से इन मरीजों की जानकारी काफी देरी से दी जा रही है। स्थिति यह है कि बीते दो दिन में ही जेल से 142 संक्रमित मरीजों की जानकारी आईसीएमआर भेजी गई है जिसके चलते कुल मामले भी बढ़े हैं। मंगलवार को 112 और बुधवार को 30 मरीजों की जानकारी जेल प्रशासन ने भेजी है।
1.43 लाख लोगों को लगा टीका
बीते 24 घंटे में राजधानी में 1.42 लाख से अधिक लोगों ने कोरोना वैक्सीन की डोज ली है। इनमें से एक लाख लोगों ने पहली खुराक ली है। जबकि 42 हजार लोगों ने दूसरी डोज लेकर टीकाकरण पूरा किया है। अब तक राजधानी में कुल टीकाकरण 1.24 करोड़ पार हो चुका है। इनमें से 35.32 लाख लोग टीकाकरण पूरा कर चुके हैं।