-सड़क हादसे में मौत के मामले में परिवार के सदस्यों की याचिका पर अदालत कर रही थी सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (एमएसीटी) ने 2014 में एक सड़क दुर्घटना में मारे गए व्यक्ति के परिवार के सदस्यों को लगभग 12.31 लाख रुपये का मुआवज़ा देने का आदेश दिया है। पीठासीन अधिकारी शैली अरोड़ा, लियाकत अली के परिवार के सदस्यों की तरफ से दायर याचिका पर सुनवाई कर रही थीं। 23 अगस्त, 2014 को ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार की मृत्यु हो गई थी। 2 सितंबर को अपने आदेश में अदालत ने कहा कि तथ्यों और परिस्थितियों पर व्यापक और व्यावहारिक तरीके से विचार किया जाना चाहिए।
अदालत ने बीमाकर्ता श्रीराम जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के इस तर्क को खारिज कर दिया कि ट्रक चालक फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ट्रक चला रहा था। केवल रिपोर्ट की फोटोकॉपी के आधार पर यह नहीं माना जा सकता कि ड्राइविंग लाइसेंस फर्जी था, जिसमें केवल यह उल्लेख है कि लाइसेंस (किसी विशेष) कार्यालय से जारी नहीं किया गया था। एमएसीटी ने कहा कि जांच अधिकारी की तरफ से दायर आरोपपत्र में भी चालक के खिलाफ फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस रखने के लिए दंडात्मक प्रावधानों के तहत कोई अपराध नहीं बताया गया है। अदालत ने कहा कि चूंकि कंपनी ने बीमा पॉलिसी की वैधता स्वीकार कर ली है, इसलिए वह बीमित व्यक्ति को क्षतिपूर्ति देने और पूरी क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान करने के लिए उत्तरदायी है।