दिल्ली के नेबसराय थाना पुलिस ने महिला की चेन छीनने वाले सिविल डिफेंस वालंटियर को ज्वेलर समेत गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला से छीनी गई चेन को ज्वेलर को बेच दिया था। ज्वेलर के कब्जे से चेन को बरामद कर लिया गया है। वालंटियर के खिलाफ पहले से चार अपराधिक मामले दर्ज हैं।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर के अनुसार देवली गांव में रहने वाली पीड़ित महिला ने 20 सितंबर को नेब सराय थाने में लिखित शिकायत दी थी कि 17 सितंबर को काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार युवक ने उसकी हनुमान मंदिर के पास राजू पार्क में उसकी सोने की चेन छीन ली है। महिला ने आरोपी की मोटरसाइकिल का आधा-अधूरा नंबर डीएल-3 एस- 834 भी बताया था।
ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
मामला दर्जकर एसआई नरेन्द्र सिंह की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। साथ ही महिला द्वारा मोटरसाइकिल के नोट किए गए नंबर से मिलती-जुलती मोटरसाइकिलों की डिटेल खंगाली। इससे आरोपी की पहचान की मोटरसाइकिल की पहचान हो गई और आरोपी की पहचान संगम विहार निवासी मुकुल वर्मा पुत्र मुन्नालाल वर्मा के रूप में हुई।
सोनार को बेच दिया था चोरी की चेन
पुलिस टीम ने मुकुल को पकडने के लिए दिल्ली व गाजियाबाद में दबिश दी। आखिरकार एसआई नरेन्द्र कुमार की टीम ने नीम चौक, वीर बाजार, संगम विहार निवासी मुकुल वर्मा (22) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने सोने की चेन ज्वेलर राकेश वर्मा (42) को बेची थी। वह वीर बाजार में ही मुस्कान ज्वेलर नाम से दुकान चलाता है। पुलिस ने ज्वेलर को भी गिरफ्तार कर लिया। उसने सोने की चेन पिघला दी। पुलिस ने उसे बरामद कर लिया है।
आरोपी के खिलाफ पहले से चार अपराधिक मामले दर्ज
आरोपी पिछले सात महीनों से सिविल डिफेंस में नौकरी करता था। इस समय उसकी तैनाती एल-दो संगम विहार स्थित डिस्पेंशरी में थी। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह अपराधिक वारदात करता था। आरोपी के खिलाफ पहले से चार अपराधिक मामले दर्ज हैं।