लॉकडाउन के कारण लंबे समय से सुस्त पड़े दिल्ली के प्रमुख बाजारों में दुकानों के ताले मंगलवार को ऑड-ईवन की तर्ज पर खुले। कंटेनमेंट जोन के बाहर के कनॉट प्लेस, खान मार्केट, नेहरू प्लेस, सरोजनी नगर मार्केट, करोल बाग खारी बावली आदि बाजारों में ऑड (विषम) नंबर वाली दुकानें खुलीं, लेकिन ग्राहकों की संख्या कम रही।
करीब 55 दिन बाद दुकानों के शटर खुले थे ऐसे में अधिकतर दुकानदार सफाई में व्यस्त दिखे। उधर, कंटेनमेंट जोन में होने के कारण चांदनी चौक और सदर बाजार जैसे प्रमुख बाजार बंद रहे। व्यापारी संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने कहा है कि पहले दिन करीब 30-35 प्रतिशत बाजार खुले। किसी बाजार में 40-45 प्रतिशत दुकानें खुलीं तो किसी में केवल 15-20 प्रतिशत। ऑड डेट होने के कारण विषम नंबर वाली दुकानें ही खुलीं। कुछ बाजारों में एक ही नंबर पर कई दुकानें अलॉट होने के कारण वहां की स्थानीय एसोसिएशन ने सम-विषम के हिसाब से मार्किंग की।
कनॉट प्लेस
कनॅाट प्लेस में ऑड ईवन की तर्ज पर दुकानें खुली थीं। हालांकि, सामान्य दिनों के मुकाबले यहां इक्का-दुक्का लोग खरीदारी के लिए आए। दुकानों पर कर्मचारी से लेकर मालिक भी सुरक्षा के लिहाज से मास्क और दस्ताने पहने हुए थे। नई दिल्ली ट्रेडर एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने कहा कि मेट्रो स्टेशन, सिनेमा हॉल और रेस्तरां बंद होने के कारण कनॉट प्लेस में लोगों की भीड़ कम है।
लक्ष्मी नगर बाजार
सुबह से ही आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर कुछ अन्य दुकानें भी खुलीं दिखीं। यहां इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम्स की दुकानों से लेकर कपड़ों व अन्य सामानों की दुकानें हैं, जो खुली हुई थीं। इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों में कूलर, पंखे व एसी की खरीदारी के लिए लोगों की मौजूदगी दिखंी। दुकान और शोरूम में थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजेशन के बाद ही ग्राहकों को प्रवेश दिया जा रहा था।
मटिया महल बाजार
जामा मस्जिद जामा मस्जिद स्थित मटिया महल बाजार में 8-10 दुकानें खुलीं थीं। बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष अकरम ने बताया कि स्थानीय पुलिस के साथ बैठक कर बाजार खोलने पर राय बनाई गई है। बुधवार से ऑड ईवन की तर्ज पर दुकानें खुलेंगी। इसके साथ ही सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए भी दुकानदारों को निर्देश दिए हैं। मीना बाजार समेत आसपास के कई बाजारों में अधिकांश दुकानें बंद थीं।
भागीरथ पैलेस
भागीरथ पैलेस में ऑड ईवन की तर्ज पर दुकानें तो खुली, लेकिन बाजार में सीमित जगह होने के कारण सामाजिक दूरी के नियम की धज्जियां उड़तीं दिखीं। बाजार में मुख्य मार्ग पर ही दोपहिया वाहनों को खड़ा कर दिया गया था। इस वजह से पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कमला नगर मार्केट
सुबह 10 बजे के बीच सभी दुकानदार दुकानों पर पहुंच गए थे। हालांकि दुकान खोलने को लेकर उहापोह की स्थिति थी। स्थानीय प्रशासन के पहुंचने पर दुकान का शटर यहां ऑड-ईवन नंबर के साथ खुलना शुरू हो गया। कई दुकानदार कर्मचारियों का भी इंतजार करते दिखे। आसपास की कॉलोनी में लॉक-डाउन की स्थिति रही।
आजाद मार्केट
संकरी गलियों में यहां की दुकानें सुबह से ही खुलने लगी थीं। सार्वजनिक वाहन तो आते-जाते दिखा, लेकिन ट्रैफिक जाम की भी समस्या रही। जरूरत का सामान खरीदने ही लोग पहुंचे। कुछ दुकानदार बाहर कुर्सी लगाकर ग्राहकों का इंतजार करते रहे।
राणा-प्रताप बाग
त्रिपोलिया गेट स्थित राणा-प्रताप बाग इलाके में छोटे-बड़ी सभी दुकानें खुले। ढाबे भी खुले और कर्मचारी बर्तनों की सफाई में जुटे रहे। परचून की दुकानें भी खुल गई थी। हालांकि ढाबा में दोपहर तक खाना बनाने का काम नहीं शुरू हुआ था।
किग्सवें कैंप इलाका
किंगसवें कैंप इलाके में सुबह से ही दुकानें खुलनी शुरू हो गई थी। इस इलाके में सब्जियों, दवा की दुकानें, ब्रेकरी व ग्रोसरी की दुकानें तो पहले से ही खुल रही थी, मंगलवार को होजरी, रेडीमेड गारमेंट, जूते-चप्पल समेत सभी तरह की दुकानें खुलीं। रेहड़ी-पटरी पर मोबाइल एसेसरीज बेचने वाले भी ग्राहकों के इंतजार में दिखें।
पुरानी दिल्ली
बलीमारान की सभी दुकानें बंद रहीं। पुरानी किनारी बाजार, जरीगोटे का बाजार, मालीवाला बाजार भी बंद रहे। मुस्लिम बहुल बाजार ने तय किया है कि ईद के बाद ही दुकानें खुलेंगी। दरअसल इसके पीछे यह भी तर्क दिया जा रहा है कि इन सब बाजारों में ज्यादातर कारीगर मुस्लिम है। लाजपतनगर मार्केट पूरी तरह बंद रहा।
खारी-बावली इलाका
पुरानी दिल्ली स्थित खारी-बावली इलाका सुबह के वक्त खुल गया। सफाई के साथ ही दुकानें भी सज गईं थी, लेकिन अत्याधिक भीड़ के कारण दुकानें बंद हो गई। बाद में तय हुआ कि कल ऑड-ईवन फार्मूले पर ही दुकान खुलेंगी। लाल और नीले रंग से दुकान के बाहर पेंट करने का काम शुरू किया गया।