फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पहली ई-बस को मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

विज्ञापन
विज्ञापन
नई दिल्ली। दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में सोमवार को नए युग की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आईपी डिपो से डीटीसी की पहली इलेक्ट्रिक बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए कहा कि अब दिल्ली की सड़कों पर इलेक्ट्रिक बसें चलने लगी हैं। डीटीसी के बेड़े में 300 इलेक्ट्रिक बसें अप्रैल तक शामिल की जाएंगी। इससे प्रदूषण को नियंत्रित करने सहित दिल्लीवासियों को विश्वस्तरीय परिवहन सुविधा मिल सकेगी। अगले कुछ वर्षों में 2000 अतिरिक्त इलेक्ट्रिक बसें लाने का हमारा लक्ष्य है। 2011 के बाद डीटीसी के बेड़े में शामिल पहली बस के इलेक्ट्रिक होने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नए युग की शुरुआत है।
विज्ञापन

पहली इलेक्ट्रिक (वातानुकूलित) बस रूट संख्या ई-44 सर्कुलर सेवा के तौर पर रोज सुबह 5:30 बजे से रात 8:20 बजे तक आईपी डिपो से उपलब्ध रहेगी। इस मौके पर परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत और दिल्ली परिवहन निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे। उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री केजरीवाल ने परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत के साथ बस के अंदर यात्री सुविधाओं का मुआयना भी किया ।
इन जगहों से होकर गुजरेगी ई-बस
पहली इलेक्ट्रिक बस आईपी डिपो से आईटीओ, एजीसीआर, तिलक मार्ग, मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, कनॉट प्लेस, जनपथ, राजेश पायलट रोड, पृथ्वीराज रोड, अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग, रिंग रोड, साउथ एक्सटेंशन, आश्रम, भोगल, जंगपुरा, इंडिया गेट, हाई कोर्ट और प्रगति मैदान होकर गुजरेगी। इस बीच कुछ मेट्रो स्टेशन भी होंगे ताकि यात्रियों को बस और मेट्रो सेवाओं का साथ-साथ इस्तेमाल करने का मौका मिल सके।
विज्ञापन

11 साल बाद डीटीसी के बेड़े में पहली बस हुई शामिल
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि 2011 के बाद डीटीसी के बेड़े में एक भी नई बस शामिल नहीं हुई थी। जब भी कोशिश की जा रही थी, रास्ते में अड़चनें आ जाती थी। मैं समझता हूं कि 2011 के बाद आज डीटीसी के बेड़े में पहली बस आ गई है। यह बस क्लस्टर के बेड़े में शामिल नहीं है। यह बस पूरी तरह से डीटीसी के अधिकार क्षेत्र में है। हमने हवन करते हुए भगवान से प्रार्थना की है। मैं समझता हूं कि अब यह ग्रहण खत्म होगा। इस बस की बैटरी एक से डेढ़ घंटे में पूरी तरह चार्ज होती है, इसके बाद बस 120 किलोमीटर तक चल सकती है। सभी डिपो में चार्जिंग की व्यवस्था की जा रही है।
पर्यावरण अनुकूल परिवहन सेवा के लिए सरकार कटिबद्ध : गहलोत
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्वीट कर सभी दिल्लीवासियों को इसके लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि आप भी अपने वाहन को इलेक्ट्रिक में बदलकर प्रदूषण के खिलाफ इस जंग में अपना योगदान जरूर दें। वहीं परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने भी ट्वीट कर कहा कि हम सभी के लिए यह अपार हर्ष का क्षण है। डीटीसी की पहली इलेक्ट्रिक बस को मुख्यमंत्री ने जनता को समर्पित किया। पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के साथ ही हम दिल्लीवासियों को विश्वस्तरीय सुगम परिवहन सेवा प्रदान करने के लिए कटिबद्ध हैं।
इलेक्ट्रिक बस की विशेषताएं
इलेक्ट्रिक बस अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। इस बस से शून्य टेल पाइप उत्सर्जन होता है और यह 100 फीसदी इलेक्ट्रिक है। यह बस उन 300 इलेक्ट्रिक बसों में शामिल है, जिन्हें डीटीसी के तहत आने वाले दिनों में शामिल किया जाएगा। 300 बसें मुंडेला कलां (100 बसें), राजघाट (50) और रोहिणी सेक्टर-37 (150 बसें) डिपो से चलेंगी। बसों में दिव्यांग यात्रियों के लिए घुटनों के बल चलने वाले रैंप की सुविधा सहित महिला यात्रियों के लिए गुलाबी सीटें हैं। ई-बस सीसीटीवी कैमरे से लैस है, जो कश्मीरी गेट के सेंट्रल कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (सीसीसी) से जुड़ी हुई है। प्रत्येक बस में 10 पैनिक बटन के साथ-साथ एक हूटर भी है। यह पहली प्रोटोटाइप बस आईपी डिपो से 27 किमी लंबे रूट पर चलेगी।
दिल्ली में पहली बार दौड़ रहीं 6900 बसें
वर्तमान में दिल्ली की सड़कों पर लगभग 6900 बसें चल रही हैं। इनमें लो फ्लोर और स्टैंडर्ड फ्लोर एसी और नॉन एसी बसें शामिल हैं। दिल्ली में यह पहला मौका है जब परिवहन बेड़े में बसों की संख्या करीब 6900 है। पुरानी बसें हटने के बाद क्लस्टर में 450 और नई बसें जोड़ी जा रही हैं।
गूगल मैप पर बसों को ट्रैक कर बुक कर सकते हैं टिकट
दिल्ली सरकार की ओर से संचालित बसों का बेड़ा गूगल मैप पर है। दिल्लीवासी कभी भी अपनी यात्रा की योजना बनाकर बसों को ट्रैक कर सकते हैं। एक मिनट से भी कम समय में टिकट बुक करने के लिए वन दिल्ली एप का उपयोग कर सकते हैं। दिल्ली सरकार सभी डिपो को इलेक्ट्रिक में बदल रही है। दिल्ली में पहले से ही 5 और डिपो बन रहे हैं। डीटीसी इलेक्ट्रिक बसों के लिए मुंडेला कलां, रोहिणी और राजघाट, रोहिणी सेक्टर-37, बुराड़ी शामिल हैं। क्लस्टर योजना के तहत 330 इलेक्ट्रिक बसों के लिए निविदा प्रक्रिया चल रही है। दिल्ली सरकार के पास हरि नगर एक और दो के अलावा वसंत विहार में मल्टी लेवल बस पार्किंग की सुविधाएं भी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें