दिल्ली के कालकाजी थाना पुलिस ने रेमेडिसिविर इंजेक्शन के बदले 40 हजार की ठगी करने वाले शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान इश्तियाक खान के रूप में हुई है। वह गोविंदपुरी इलाके में मेडिकल स्टोर चलाता है। आरोपी के पास से पुलिस ने मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। खास बात यह है कि आरोपी को उसके मामा से मिली जानकारी पर दबोचा गया है।
दक्षिण पूर्वी जिला उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि गत चार मई को गौरव ढींगड़ा ने धोखाधड़ी को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। गौरव के एक दोस्त के पिता की कोरोना की वजह से तबियत बिगड़ गई थी। मरीज का घर में ही आसीयू बेड पर इलाज चल रहा था।
इस दौरान उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में एक महिला के द्वारा आरोपी का नंबर मिला। आरोपी ने प्रत्येक इंजेक्शन के लिए 20 हजार रुपये दाम बताया और सौदा 40 हजार रुपये में तय हुआ। इसके बाद आरोपी ने 25 हजार रुपये एडवांस व 15 हजार रुपये डिलीवरी के बाद देने के लिए कहा।
इस पर पीड़ित ने आरोपी के खाते में 25 हजार रुपये डाल दिए। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित को इंजेक्शन उपलब्ध करा दिए, लेकिन बाद में पीड़ित को इंजेक्शन की गुणवत्ता पर शक हुआ। पीड़ित ने आरोपी से इंजेक्शन लौटाने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने मना कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी।