देशभर के एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर हजारों नौजवान बेरोजगारों से ठगी करने वाले गैंग का पूर्वी जिला के साइबर सेल ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस संबंध में गैंग सरगना दो युवकों और आठ युवतियों समेत कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए गैंग सरगनाओं की पहचान गांव कछवाई, एका, फिरोजाबाद निवासी सुरजीत (24) और गांव भिलमपुर, सुजानगंज, जौनपुर, यूपी निवासी सुंदरम गुप्ता (25) के रूप में हुई है। आरोपी विभिन्न जॉब पोर्टल्स पर नौकरी दिलवाने का विज्ञापन देते थे। इसके बाद बेरोजगारों से अलग-अलग मदों में रुपये लेकर उनको नियुक्ति पत्र तक दे दिया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 16 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, छह कंप्यूटर, दो वाईफाई राउटर, दो डेबिट कार्ड और 26 हजार रुपये कैश बरामद किए हैं। पुलिस पकड़े गए आरोपियों की रिमांड लेकर उनसे पूछताछ कर रही है।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त प्रियंका कश्यप ने बताया कि इंडिगो एयरलाइंस की ओर से पूर्वी जिला साइबर सेल को एक शिकायत मिली थी।
उसमें बताया गया था कि देश के अलग-अलग एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी दिलवाने के नाम पर नौजवानों के साथ ठगी की जा रही है। उसके लिए पूर्वी जिला में कहीं कॉल सेंटर चल रहा है। आरोपी बेरोजगारों से रकम एंठने के बाद उनको अपाइंटमेंट लेटर भी दे रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने टेक्नीकल सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी गाजीपुर गांव स्थित एक बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर फर्जी कॉल सेंटर चलाकर गोरखधंधा कर रहे हैं। पुलिस ने जानकारी पुख्ता करने के बाद कॉल सेंटर पर छापा मारा। वहां से सुरजीत और सुंदरम समेत कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें आठ लड़कियां भी शामिल है।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सभी लड़के-लड़कियों को छह से आठ हजार रुपये महीना की नौकरी पर रखा हुआ था। यह लोग बेरोजगारों को कॉल कर उनको अच्छी सैलरी दिलवाने का झांसा देकर मोटी रकम एंठ लिया करते थे। इन लोगों ने दक्षिण भारतीय राज्यों के अलावा यूपी, उत्तराखंड, बिहार के हजारों नौजवानों को चूना लगाया है। माना जा रहा है कि आरोपी हजारों लोगों से लाखों की ठगी कर चुके हैं।