सड़क किनारे बैग बेचने वालों से बैग खरीदना एक महिला को भारी पड़ गया। बैग में एक कारतूस मिला। आईजीआई एयरपोर्ट ने महिला को पाबंद कर दिया है। पुलिस कोर्ट की संज्ञान में पूरे मामले को लाएगी। इसके बाद महिला के खिलाफ कार्रवाई तय होगी।
महिला कैंसर से पीड़ित है और अपना इलाज कराने दिल्ली आई थी। कैंसर जैसी घातक बीमारी से पीड़ित होने के कारण पुलिस ने ये कार्रवाई की है। पुलिस महिला के बयानों की जांच कर रही है। आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आईजीआई एयरपोर्ट डीसीपी राजीव रंजन ने बताया कि मुजफ्फरपुर, बिहार निवासी महिला मालती देवी(57) गो एयर की फ्लाट्स से बृहपतिवार को दिल्ली से पटना जा रही थी। आईजीआई एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान महिला के बैग से एक कारतूस मिला। महिला से कारतूस से संबंधित वैध कागजात मांगे। मगर महिला कागजात नहीं दिखा पाई।
इसके बाद महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस अधिकारियों के अनुसार मालती देवी ने पूछताछ में बताया कि वह कैंसर से पीड़ित है। वह अपने बेटे के साथ रोहिणी स्थित राजीव गांधी कैंसर अस्पताल में इलाज कराने आई थी।