नांगलोई इलाके में आई 10 कार ने दिल्ली पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर की पत्नी समेत दो महिलाओं को कुचल दिया। हादसे में सब इंस्पेक्टर की पत्नी की मौत हो गई जबकि दूसरी महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसा उस समय हुआ जब दोनों महिलाएं बुधवार शाम सैर करने के बाद सड़क किनारे बैठी थी। घटना को अंजाम देने के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। पुलिस घायल महिला के बयान पर चालक के खिलाफ लापवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी है।
मृत महिला की शिनाख्त आर्य मोहल्ला नांगलोई निवासी गीता(53) के रूप में हुई है। जबकि घायल महिला की पहचान अशोक मोहल्ला नांगलोई निवासी शशि रोहिल्ला(46) के रूप में हुई है। गीता के पति जय भगवान दिल्ली पुलिस में बतौर सब इंस्पेक्टर कार्यरत हैं। शशि ने पुलिस को बताया कि रोज की तरह वह बुधवार शाम अपनी सहेली गीता के साथ सुरजमल स्टेडियम के पास टहलने गई थी। शाम करीब छह बजे टहलने के बाद दोनों रेल नीर के प्लांट के पास सड़क किनारे बैठकर बात कर रही थी।
वहां पर एक आईटेन कार सवार तेज रफ्तार से अपनी कार लापरवाही से चला रहा था। अचानक कार चालक पीछे की तरह से महिलाओं के पास आया और दोनों को कुचल दिया। शशि ने बताया कि हादसे के बाद चालक कार से उतरकर उनके पास आया। घायल शशि ने उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए कहा। लेकिन चालक कार को बैक कर वहां से फरार हो गया। शशि ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने बुरी तरह से घायल गीता को बालाजी एक्शन अस्पताल ले गई जबकि वहां जमा भीड़ में से कुछ लोग शशि को पास के खेड़ा अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस बालाजी एक्शन अस्पताल पहुंची। जहां पता चला कि गीता का इलाज के दौरान मौत हो गई। उसके बाद जांच अधिकारी खेड़ा अस्पताल पहुंची और शशि के बयान पर मामला दर्ज कर लिया। शशि ने पुलिस को कार का नंबर बताया है, जिसके जरिए पुलिस आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।