दिल्ली के पॉश इलाकों में से एक सरिता विहार में घर के अंदर रखे बैग से जहरीला सांप निकलने से हड़कंप मच गया। दरअसल घर के अंदर एक बैग रखा हुआ था जिसमें कुछ सामान थे। घर के लोगों ने मंगलवार रात को अचानक बैग में कुछ हलचल देखी तो उसे खोलने का प्रयास किया। इसी दौरान बैग के अंदर बड़ा सा सांप दिखा। डर के मारे उन्होंने उसे हाथ नहीं लगाया और एनजीओ वाइल्ड लाइफ एसओएस को सूचना दी।
जानकारी मिलने पर पहुंची टीम ने कुछ देर की मशक्कत के बाद सांप को पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि यह कोई सामान्य सांप नहीं, बल्कि पांच फुट लंबा इंडियन कोबरा प्रजाति का सांप था। ये सांपों की सबसे जहरीली प्रजातियों में से एक है।
वाइल्डलाइफ एसओएस अधिकारी ने कहा, 'सांप को टीम द्वारा सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया गया और फिर एक परिवहन वाहक में स्थानांतरित कर दिया गया। इसे जंगल में छोड़ने से पहले निगरानी में रखा जाएगा।'
24 घंटे काम करने वाले इस एनजीओ ने बताया कि उनकी टीम ने पिछले दो दिनों में एक काले सिर वाले रॉयल स्नेक को कचरे के ढेर से, एक भारतीय रैट स्नेक को शिव नादर विश्वविद्यालय परिसर से और एक मॉनिटर छिपकली को नोएडा के एक निर्माण स्थल से रेस्क्यू किया है।
इंडियन कोबरा भारत में पाए जाने वाले 'बिग 4' विषैले सांपों की प्रजातियों में से एक हैं। हमारी टीम हमेशा आवश्यक बचाव गियर से लैस रहती है और इस तरह के खतरनाक ऑपरेशन को संभालने के लिए प्रशिक्षित है। हमें खुशी है कि सांप को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।