नई दिल्ली। पश्चिम विहार वेस्ट में खुलेआम शराब पीने से मना करने पर चार युवकों ने दिल्ली पुलिस के एएसआई को पीट दिया। लोगों ने पुलिसकर्मी को पिटता देख बीचबचाव किया और चारों युवकों को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उन्हेें गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की पहचान बुलंदशहर के गांव किशनपुर निवासी अमित राघव, विजय, राहुल और भलस्वा डेयरी निवासी फकरूद्दीन के रूप में हुई है। पालम इलाके में रहने वाले राजपाल सिंह दिल्ली पुलिस में एएसआई हैं। उनकी तैनाती पश्चिम विहार वेस्ट थाने में है। शनिवार रात वह इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पीरागढ़ी मेट्रो स्टेशन के पास एक कार की डिग्गी मेें बोतल रखकर चार युवकों को शराब पीते देखा। एएसआई ने युवकों को खुलेआम शराब पीने से मना किया। इस पर चारों युवक एएसआई को गालियां देकर वर्दी उतरवाने की धमकी देने लगे।
गुस्साए युवक एएसआई को पीटने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मी को पिटते देख बीचबचाव किया और हमलावर चारों युवकों को दबोचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस घायल एएसआई को मेडिकल के लिए अस्पताल में ले गई, लेकिन वह बयान देने की स्थिति में नहीं थे। रविवार को एएसआई के बयान पर मामला दर्ज कर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।