फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi: छठी मैया के गीतों से गूंजे नई दिल्ली और आनंद विहार स्टेशन, चलीं UP-बिहार-झारखंड के लिए 17 स्पेशल ट्रेन

Fri, 24 Oct 2025 05:53 PM IST
राहुल तिवारी अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली

सार

नई दिल्ली और आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर छठी मैया के भजन से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। यात्री ट्रेन की प्रतीक्षा के दौरान इन गीतों पर झूमते और गुनगुनाते नजर आ रहे हैं। साथ ही स्टेशन पर भीड़ संभालने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं यूपी-बिहार-झारखंड के लिए 17 स्पेशल ट्रेन चलाई गई हैं।
 
विज्ञापन
यात्रियों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशन नई दिल्ली और आनंद विहार इन दिनों छठ महापर्व की रौनक में डूबे हुए हैं। ट्रेनों की आवाजाही के बीच अब स्टेशन पर छठी मैया के गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। रेलवे की इस पहल ने न सिर्फ यात्रियों का मन मोह लिया है, बल्कि घर लौटने वाले लोगों के लिए यह पल भावनाओं से भरा अनुभव बन गया है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर जहां यात्रियों का तांता लगा हुआ है, वहीं छठ के लोकगीतों 'अंगना में जीजी संग मौसी और पहले-पहले छठ मैया कइलीय व्रत तोहार,' ने माहौल को भक्तिमय बना दिया है। 

विज्ञापन

स्टेशन परिसर में पारंपरिक सजावट 
यात्री ट्रेन की प्रतीक्षा के दौरान इन गीतों पर झूमते और गुनगुनाते नजर आ रहे हैं। स्टेशन परिसर को पारंपरिक सजावट से सजाया गया है, ताकि यात्रियों को अपने घर जैसा माहौल मिल सके। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। रेलवे के अनुसार, पर्व के मद्देनजर अतिरिक्त ट्रेनों और कोचों की व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को घर पहुंचने में दिक्कत न हो।

घर लौटते यात्रियों के चेहरों पर झलकी खुशी
वहीं, आनंद विहार टर्मिनल पर भी छठ पर्व की छटा कुछ कम नहीं है। स्टेशन पर भीड़ संभालने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा बढ़ाई गई है और यात्रियों के लिए अतिरिक्त हेल्प डेस्क लगाए गए हैं। यहां भी स्पीकरों से पारंपरिक छठ भजनों की गूंज सुनाई दे रही है, जिससे घर जाने की खुशी और बढ़ जाती है। महिलाओं और पुरुषों के चेहरों पर अपने गांव लौटकर घाट पर पूजा करने की उत्सुकता साफ झलकती है। कई यात्रियों का कहना है कि साल भर के बाद इस पर्व पर घर लौटना उनके लिए सबसे बड़ा सुख है। वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि स्टेशन पर बजते भक्ति गीतों ने घर की यादें ताजा कर दी हैं।

स्वच्छ और सुरक्षित माहौल
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि दोनों स्टेशनों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित माहौल मिल सके। इस तरह नई दिल्ली और आनंद विहार स्टेशन पर छठ पर्व का उल्लास राजधानी में आस्था और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम बन गया है।

हर साल छठ पर घर जाना सबसे बड़ी खुशी होती है। इस बार स्टेशन पर छठी मैया के गीत सुनकर लगा जैसे गांव का माहौल यहीं आ गया हो। -काव्या, यात्री, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन

रेलवे ने छठ पर्व पर बेहतरीन इंतजाम किए हैं। भीड़ ज्यादा है, लेकिन माहौल बहुत भक्ति से भरा है। छठ के गीत सुनकर थकान भी दूर हो जाती है।  -कृष्णा तिवारी, यात्री, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन

विज्ञापन

रेलवे ने चलाई 17 स्पेशल ट्रेन
त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तरी रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ा दी है। छठ पर्व पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए शुक्रवार को 17 विशेष ट्रेन सेवा विभिन्न मार्गों पर शुरू की गई। इनके संचालन से दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पंजाब और हरियाणा के यात्रियों को राहत मिलेगी। रेलवे के अनुसार, आनंद विहार टर्मिनल, नई दिल्ली, अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और फिरोजपुर से पटना, दरभंगा, सहरसा, कटिहार, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, गोरखपुर और सीतामढ़ी सहित कई गंतव्यों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई गई।  इनमें प्रमुख रूप से आनंद विहार-दरभंगा, नई दिल्ली-दरभंगा, नई दिल्ली-गोरखपुर, आनंद विहार-भागलपुर, सीतामढ़ी-आनंद विहार शामिल है। ये ट्रेनें अलग-अलग समय पर रवाना होंगी और रास्ते में प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें